अयोध्या: 20 वर्षों से राम नाम लिख रहे विनोद मिश्रा, अब 2027 में फिर भाजपा सरकार बनने की कर रहे अरदास
अयोध्या के तुलसीदास घाट पर 20 वर्षों से राम नाम लिख रहे 60 वर्षीय विनोद मिश्रा अब वर्ष 2027 में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार की वापसी के लिए साधना कर रहे हैं।
अयोध्या के पावन संत तुलसीदास घाट पर पिछले दो दशकों से एक अनूठी आध्यात्मिक साधना निरंतर चल रही है। बलिया जनपद के मूल निवासी 60 वर्षीय रामभक्त विनोद मिश्रा पिछले 20 वर्षों से अनवरत कलम से कागज पर 'राम नाम' अंकित कर रहे हैं। जिस दौर में अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण केवल एक संकल्प और जनआकांक्षा था, उस समय उन्होंने मंदिर निर्माण की मनोकामना लेकर यह लेखन तपस्या प्रारंभ की थी। आज अपनी आंखों के सामने रामलला को भव्य मंदिर में विराजमान देखकर वे भावविभोर हैं, किंतु उनकी लेखनी अब भी नहीं थमी है।
राम मंदिर निर्माण का स्वप्न साकार होने के उपरांत अब उनकी साधना में एक नया संकल्प जुड़ गया है। विनोद मिश्रा अब राम नाम के साथ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम भी लिख रहे हैं। वे भगवान श्रीराम से यह प्रार्थना कर रहे हैं कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बने, जिससे राज्य में चल रहा विकास का पहिया निरंतर गतिमान रहे।
रामभक्त विनोद मिश्रा का कहना है कि केंद्र और राज्य की 'डबल इंजन सरकार' के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही अयोध्या का अभूतपूर्व कायाकल्प संभव हुआ है। आज अयोध्या वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित हो चुकी है और प्रतिदिन देश-दुनिया से लाखों श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वे रामनगरी को मिली यह नई पहचान, विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था को योगी सरकार की ऐतिहासिक देन मानते हैं। उनके अनुसार, यह लेखन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि संकल्प से सिद्धि और आस्था से विकास की यात्रा का जीवंत प्रमाण है।
What's Your Reaction?

