UP Tourism: बाबा नीम करौली धाम और महाभारत सर्किट के प्रचार को मिलेगी नई रफ्तार, उत्तराखण्ड-UP के बीच होगा एमओयू: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये हैं कि दोनों विभागों द्वारा प्रस्तावित
- उत्तराखण्ड व उ0प्र0 के बाबा नीम करौली धाम एवं महाभारत सर्किट के प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार-प्रसार केन्द्र स्थापित करने के लिए एमओयू होगा
- पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की संचालित एवं विलम्बित परियोजनाओं को समय से पूरा न करने पर जवाबदेही तय की जायेगी-जयवीर सिंह
- पर्यटन मंत्री ने संस्कृति व पर्यटन विभाग की समीक्षा की
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये हैं कि दोनों विभागों द्वारा प्रस्तावित, संचालित एवं विलम्ब से चल रही परियोजनाओं की बाधाओं को दूर करते हुए अगले महीने में हर हाल में पूरा करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि परियोजनाओं के विलम्ब के उत्तरदायी ठेकेदारों से पेनाल्टी भी वसूल किया जाए। उन्होंने आवंटित बजट की भी समीक्षा करने के निर्देश दिये। उन्होंने यह भी कहा कि पैसे के अभाव में कोई कार्य बाधित नहीं होना चाहिए। इसके साथ ही महापुरूषों एवं राष्ट्रनायकों की तैयार प्रतिमाओं को 15 दिसम्बर, 2026 तक स्थापित करा दिया जाए।
पर्यटन मंत्री बुधवार को पर्यटन भवन में संस्कृति एवं पर्यटन विभाग की संचालित परियोजनाओं की बिन्दुवार समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने पिछली बैठक में दिये गये निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि बाधाओं को दूर करने के लिए विभागीय अधिकारी संबंधित जिलाधिकारियों के साथ बैठक करके दूर करें। इसके साथ ही परियोजनाओं का मौके पर ही जाकर स्थलीय निरीक्षण भी सुनिश्चित करें। उन्होंने संस्कृति विभाग में पंजीकृत कलाकारों की भी समीक्षा करने के निर्देश दिये। उन्होंने विशेष सचिव संस्कृति श्रीमती दीपा रंजन को संस्कृति विभाग की गतिविधियों की एक सप्ताह के अंदर पुनरीक्षण करने की हिदायत दी।
पर्यटन विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने चित्रकूट एवं विन्ध्याचल क्षेत्र की परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर अप्रसन्नता प्रकट करते हुए क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी को फटकार लगाई। उन्होंने इको टूरिज्म की परियोजनाओं के संबंध में कार्य शुरू करने के लिए शासनादेश जारी करने को कहा। इसके अलावा उत्तराखण्ड महोत्सव के दौरान उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के बीच हुई वार्ता के अनुसार नीम करौली धाम तथा महाभारत सर्किट को लेकर उत्तराखण्ड के साथ समझौता ज्ञापन कराने के लिए बैठक आयोजित करने को भी कहा।
उन्होंने कहा कि महाभारत सर्किट का कुछ भाग उत्तराखण्ड के साथ जुड़ा हुआ है। नीम करौली तथा महाभारत सर्किट के प्रचार के लिए प्रचार-प्रसार केन्द्र निर्माण कराया जाना जरूरी है। उन्होंने पर्यटन नीति-2022 में समयानुकूल तथा हितधारकों की सुविधा के लिए संशोधन किये जाने से जुड़े तमाम बिन्दुओं पर चर्चा की। इसके अलावा परम्परागृहों के निर्माण हेतु भूमि की व्यवस्था के लिए कदम उठाने पर जोर दिया। इसके अलावा एग्री टूरिज्म, ओडीओसी, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को पर्यटन से जोड़ने के लिए हरसंभव संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आज की समीक्षा बैठक में दिये गये निर्देशों एवं निर्णयों को शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति तथा धर्मार्थ कार्य के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात, निदेशक संस्कृति संजय कुमार सिंह, विशेष सचिव संस्कृति दीपा रंजन, एमडी उ0प्र0 पर्यटन विकास निगम आशीष कुमार, पर्यटन सलाहकार जे0पी0 सिंह, निदेशक पुरातत्व रेनू द्विवेदी के अलावा अमित अग्निहोत्री, तुहिन द्विवेदी, अंजू चौधरी तथा रेनू रंग भारती उपस्थित थी।
What's Your Reaction?

