Bajpur : ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालय में की सांकेतिक तालाबंदी, कार्यों में लापरवाही का आरोप

प्रधानों का यह भी आरोप है कि जीरामजी योजना का क्रियान्वयन सही तरीके से नहीं किया जा रहा है। इस प्रदर्शन के बाद खंड विकास अधिकारी शेखर जोशी ने एक हफ्ते के भीतर उचित कार्रवाई करने का भरोसा देकर गुस्साए ग्राम प्रधानों को शांत कराया।

Jun 29, 2026 - 13:34
 0  2
Bajpur : ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालय में की सांकेतिक तालाबंदी, कार्यों में लापरवाही का आरोप
Bajpur : ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालय में की सांकेतिक तालाबंदी, कार्यों में लापरवाही का आरोप

ब्यूरो चीफ : आमिर हुसैन

बाजपुर के ब्लॉक कार्यालय में ग्राम प्रधानों ने ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष मनदीप सिंह नरवाल के नेतृत्व में एक सांकेतिक प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधानों का गुस्सा इस बात पर था कि एक-एक ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को कई-कई दूरस्थ ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा वे भ्रष्ट और लापरवाह अधिकारियों के तबादले की मांग कर रहे थे। प्रधानों का यह भी आरोप है कि जीरामजी योजना का क्रियान्वयन सही तरीके से नहीं किया जा रहा है। इस प्रदर्शन के बाद खंड विकास अधिकारी शेखर जोशी ने एक हफ्ते के भीतर उचित कार्रवाई करने का भरोसा देकर गुस्साए ग्राम प्रधानों को शांत कराया।

प्रदर्शन के दौरान ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष मनदीप सिंह नरवाल ने कहा कि दूर-दूर की ग्राम पंचायतों का प्रभार एक ही अधिकारी के पास होने की वजह से विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। इस लचर व्यवस्था के कारण गांव के आम लोगों को बेहद दिक्कतों और असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि जीरामजी योजना को एक जुलाई से शुरू करने का दावा किया गया था, लेकिन अब तक इसकी कोई भी ठोस कार्ययोजना ग्राम प्रधानों को नहीं दी गई है।

ग्राम प्रधान संघ के उपाध्यक्ष अराज सिंह सिद्धू ने प्रशासनिक अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि अगर ग्राम प्रधानों की इन जायज मांगों को समय रहते पूरा नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में वे बड़े स्तर पर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

मामले को बढ़ता देख खंड विकास अधिकारी शेखर जोशी ने ग्राम प्रधानों को बताया कि उनकी सभी समस्याओं और मांगों से जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने मौके पर ही फोन के माध्यम से प्रधानों की वार्ता भी डीपीआरओ से कराई। खंड विकास अधिकारी ने कहा कि ग्राम प्रधानों की मांगों का लिखित पत्र डीपीआरओ कार्यालय भेजा जा रहा है और एक सप्ताह के भीतर इस पूरी अव्यवस्था को दुरुस्त कर दिया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान रघुवीर सिंह रिक्की, रियाज, लीलाधर सैनी, कुलविंदर सिंह, रहीस अहमद, वीरेंद्र कुमार, दीपक कुमार और विजय कुमार सहित क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow