Ballia : यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर बलिया प्रशासन मुस्तैद, केंद्रों पर तैनात रहेगी मेडिकल टीम, जिलाधिकारी ने दिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए इस बार ड्यूटी पर तैनात होने वाले सभी कर्मचारियों की पहचान की पूरी जांच की जाएगी। इसके साथ ही नोडल अधिकारियों की तरफ से सभी के लिए पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया

May 22, 2026 - 22:22
 0  1
Ballia : यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर बलिया प्रशासन मुस्तैद, केंद्रों पर तैनात रहेगी मेडिकल टीम, जिलाधिकारी ने दिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश
Ballia : यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर बलिया प्रशासन मुस्तैद, केंद्रों पर तैनात रहेगी मेडिकल टीम, जिलाधिकारी ने दिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश

बलिया में होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को पूरी तरह साफ-सुथरे और शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने विकास भवन सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र प्रभारियों के साथ एक जरूरी समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा से जुड़े हर पहलू पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी जिम्मेदार अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए इस बार ड्यूटी पर तैनात होने वाले सभी कर्मचारियों की पहचान की पूरी जांच की जाएगी। इसके साथ ही नोडल अधिकारियों की तरफ से सभी के लिए पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि हर परीक्षा केंद्र पर बच्चों की तादाद के हिसाब से जरूरी कक्ष निरीक्षकों की व्यवस्था पहले से ही तय कर ली जाए। बढ़ते तापमान और गर्मी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर पीने के साफ पानी, ठंडे पानी और बिना रुकावट बिजली की आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि परीक्षा कमरों के सभी पंखे ठीक होने चाहिए और वहां रोशनी का पूरा इंतजाम होना चाहिए।

तबीयत बिगड़ने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर खास जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने आदेश दिया कि हर परीक्षा केंद्र पर एक डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी की मौजूदगी के साथ मेडिकल टीम तैनात रहेगी, जहां ओआरएस का घोल भी उपलब्ध रखा जाएगा ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को शौचालयों की अच्छी सफाई रखने और परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी न होने देने की हिदायत दी। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता और सतर्कता से निभाने को कहा ताकि परीक्षा बिना किसी अड़चन के पूरी हो सके। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Also Click : Lucknow : भविष्य में 21 मिनट में तय होगी दिल्ली से जेवर एयरपोर्ट की दूरी, परी चौक से जेवर एयरपोर्ट तक चलेंगी बसें

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow