बलिया पुलिस मुठभेड़ में मंदिरों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 2 बदमाश घायल, 5 अरेस्ट; 3.6 किलो चांदी बरामद

बलिया के रसड़ा में पुलिस मुठभेड़ में 2 बदमाश गोली लगने से घायल, कुल 5 गिरफ्तार। लखनेश्वर डीह मंदिर व गाजीपुर से लूटी गई 3.6 किलो चांदी, असलहे व इनोवा कार बरामद।

By INA News Desk
Nov 6, 2026 - 21:58
23 Views
बलिया पुलिस मुठभेड़ में मंदिरों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 2 बदमाश घायल, 5 अरेस्ट; 3.6 किलो चांदी बरामद
Advertisement
Advertisement

Report - Syed Asif Hussain Zaidi

बलिया जनपद अंतर्गत रसड़ा थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और मंदिरों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षात्मक जवाबी फायरिंग में गिरोह के दो सक्रिय बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। मौके से कुल पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने अभियुक्तों के कब्जे से लखनेश्वर डीह मंदिर और गाजीपुर के मंदिर से लूटी गई कुल 3.6 किलोग्राम चांदी, अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी में प्रयुक्त उपकरण और बिना नंबर प्लेट की एक इनोवा कार बरामद की है।

घटनाक्रम के अनुसार, 6 नवंबर 2026 की देर रात करीब 12:50 बजे रसड़ा कोतवाली पुलिस टीम लखनेश्वर डीह मंदिर से आमघाट जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली इनोवा कार आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो चालकों ने वाहन की गति तेज कर भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा की गई त्वरित घेराबंदी में खुद को फंसता देख कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा नीयत से फायरिंग झोंक दी। पुलिस द्वारा की गई नियंत्रित आत्मरक्षात्मक जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों जिशान आलम और चंद्रशेखर कुमार के पैर में गोली लगी और वे गिर पड़े। पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों सहित कुल पांचों अभियुक्तों को मौके पर ही दबोच लिया। घायल बदमाशों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए जिला सदर अस्पताल बलिया में भर्ती कराया गया है।

पुलिस पूछताछ में पकड़े गए गिरोह के सदस्यों ने हाल ही में पूर्वांचल के कई मंदिरों में की गई लूट व चोरी की वारदातों का पर्दाफाश किया। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि 30 अक्टूबर की रात उन्होंने रसड़ा स्थित ऐतिहासिक लखनेश्वर डीह शिव मंदिर के पुजारी को बंधक बनाकर मंदिर से चांदी का नाग और विशाल छत्र लूटा था। इसके अतिरिक्त, 11 अक्टूबर को गाजीपुर जनपद के कासिमाबाद थाना क्षेत्र स्थित पंच मंदिर से राधा-कृष्ण की मूर्तियों के चांदी के मुकुट चोरी करने की घटना में भी यही गिरोह शामिल था।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने बदमाशों की निशानदेही पर लखनेश्वर डीह मंदिर से लूटा गया 3 किलो 300 ग्राम वजनी चांदी का नाग व छत्र तथा कासिमाबाद पंच मंदिर से चोरी किए गए मुकुट को गलाकर बनाई गई 300 ग्राम चांदी की सिल्लियां (कुल 3.6 किलो चांदी) शत-प्रतिशत बरामद कर ली हैं। इसके अलावा बदमाशों के पास से .315 बोर के 2 अवैध तमंचे, 2 खोखा कारतूस, 2 जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त इनोवा कार तथा ताला तोड़ने व शटर काटने के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस इस अंतरराज्यीय गिरोह के आपराधिक इतिहास और अन्य जनपदों में दर्ज मामलों की विस्तृत जांच में जुटी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement