देवबंद में दुकानदार से नकदी भरा बैग छीनने का प्रयास, विरोध करने पर चाकू से हमला, सीसीटीवी में कैद वारदात

देवबंद के मोहल्ला लहसवाड़ा में दुकान बंद कर लौट रहे व्यापारी पर चाकू से हमला कर कैश बैग छीनने की कोशिश की गई। घटना सीसीटीवी में कैद, पुलिस जांच में जुटी।

By INA News Desk
Aug 31, 2026 - 08:24
24 Views
देवबंद में दुकानदार से नकदी भरा बैग छीनने का प्रयास, विरोध करने पर चाकू से हमला, सीसीटीवी में कैद वारदात

देवबंद। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लहसवाड़ा में दुकान बंद कर घर जा रहे एक व्यापारी से नकदी से भरा बैग छीनने की कोशिश और विरोध करने पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल पीड़ित को हाथ में गहरी चोट आई है। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई है, जिसके सामने आने के बाद मोहल्ले में डर और तनाव का माहौल है।

पीड़ित दिलशाद कुरैशी के अनुसार, रात के समय जब वे अपनी दुकान बंद करके रोजाना की तरह रुपयों से भरा बैग लेकर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में चांद भाई के मकान के पास मोहल्ला शाहजी लाल निवासी अब्दुल्ला पुत्र इस्लाम ने अचानक उनका बैग खींचने का प्रयास किया। जब उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया और बैग नहीं छोड़ा, तो हमलावर ने जानलेवा रुख अपनाते हुए चाकू से वार कर दिया। इस हमले में उनके हाथ पर गहरा घाव हो गया।

वारदात के बाद पीड़ित ने तत्काल कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज और तहरीर के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow