बलिया में सुभासपा का जोरदार प्रदर्शन: सपा नेताओं की बयानबाजी पर भड़के कार्यकर्ता, जिलाधिकारी के जरिए मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
बलिया में सुभासपा कार्यकर्ताओं ने सपा नेताओं की बयानबाजी के विरोध में प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
Report- Syed Asif Hussain Zaidi
बलिया जिले में समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेताओं की कथित विवादित बयानबाजी को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। सुभासपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर, पोस्टर और तख्तियां लेकर जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में जोरदार नारेबाजी की और जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
सुभासपा के प्रदेश प्रवक्ता सुनील कुमार सिंह ने विपक्षी दल पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं शिवपाल सिंह यादव और रामगोपाल यादव द्वारा अति पिछड़े समाज और उनके नेतृत्व के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद राजीव राय के प्रतिनिधि पूर्व जिलाध्यक्ष मुन्ना यादव ने अति पिछड़ों के प्रति अत्यंत आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिससे समाज में भारी असंतोष है।
प्रदर्शन के दौरान सुभासपा नेताओं ने कहा कि विपक्षी दल का 'पीडीए' का नारा केवल राजनीतिक दिखावा साबित हो रहा है, जबकि व्यवहार में अति पिछड़े वर्गों के अधिकारों और सम्मान को आघात पहुंचाया जा रहा है।
पार्टी के प्रदेश सचिव संजय भाई ने कहा कि एक तरफ राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का काम कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी नेता समाज में मतभेद पैदा करने में लगे हैं। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने अमर्यादित बयान देने वाले नेताओं के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाने की मांग की है।
What's Your Reaction?




