'भारत बौद्धिक्स 2.0' में 1.60 लाख से अधिक पंजीकरण- रजिस्ट्रेशन की तिथि 5 नवंबर तक बढ़ी, 21 नवंबर को परीक्षा

'भारत बौद्धिक्स 2.0' राष्ट्रीय परीक्षा के लिए अब तक 1.60 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 5 नवंबर 2026 कर दी गई है।

By INA News Desk
Nov 3, 2026 - 21:32
10 Views
'भारत बौद्धिक्स 2.0' में 1.60 लाख से अधिक पंजीकरण- रजिस्ट्रेशन की तिथि 5 नवंबर तक बढ़ी, 21 नवंबर को परीक्षा
Advertisement
Advertisement

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय ज्ञान परंपरा (आईकेएस), समृद्ध दर्शन और सांस्कृतिक चेतना को नई पीढ़ी से जोड़ने के अभियान को प्रदेश में अभूतपूर्व प्रतिसाद मिल रहा है। इसी क्रम में आयोजित की जा रही अखिल भारतीय 'भारत बौद्धिक्स 2.0 नेशनल एग्जामिनेशन-2026' के प्रति छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। अब तक प्रदेश भर के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों से 1 लाख 60 हजार से अधिक विद्यार्थी अपना पंजीकरण करा चुके हैं। विद्यार्थियों के बढ़ते रुझान और अधिकतम युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासन ने पंजीकरण की अंतिम तिथि को विस्तारित कर 5 नवंबर 2026 कर दिया है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप संचालित यह ज्ञान अभियान विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास, विज्ञान, कला, साहित्य और प्राचीन बौद्धिक संपदा से परिचित कराकर उनमें राष्ट्रबोध और आत्मविश्वास जगाने का प्रमुख माध्यम बन रहा है। मंगलवार को उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने लखनऊ स्थित अपने आवास से उच्चस्तरीय वर्चुअल बैठक कर परीक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी राज्य, निजी एवं केंद्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, कुलसचिवों और प्राचार्यों को निर्देशित किया कि प्राध्यापकों की टीमें बनाकर सीधे कक्षाओं तक पहुंचा जाए, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को इस राष्ट्रीय ज्ञान महाकुंभ से जोड़ा जा सके।

परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों को 'नोडल अधिकारी' तथा परीक्षा नियंत्रकों को 'विश्वविद्यालय स्तरीय परीक्षा नियंत्रक' नामित किया गया है। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, वितरण, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था तथा उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन और मूल्यांकन की समग्र निगरानी परीक्षा नियंत्रकों के अधीन रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय जिला प्रशासन एवं पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा।

आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध विवरण के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को प्रातः 10:00 से दोपहर 12:00 बजे तक दो घंटे की ऑफलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें कला, विज्ञान, वाणिज्य और सामाजिक विज्ञान संकायों के स्नातक व परास्नातक स्तर के विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के उपरांत त्रि-स्तरीय पारदर्शी मूल्यांकन प्रणाली अपनाई जाएगी। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले दो अभ्यर्थियों को 50-50 हजार रुपये, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चार प्रतिभागियों को 25-25 हजार रुपये तथा 300 मेधावी विद्यार्थियों को 2,500-2,500 रुपये के सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement