सम्भल में सगे भाई की गोली मारकर हत्या, पेंशन विवाद और टोना-टोटका बना खून का कारण।

सम्भल जनपद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। मां की पेंशन के लालच और टोना-टोटके के शक में एक शख्स ने अपने दो

Mar 2, 2026 - 22:57
82 Views
सम्भल में सगे भाई की गोली मारकर हत्या, पेंशन विवाद और टोना-टोटका बना खून का कारण।
सम्भल में सगे भाई की गोली मारकर हत्या, पेंशन विवाद और टोना-टोटका बना खून का कारण।

उवैस दानिश, सम्भल 

सम्भल जनपद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। मां की पेंशन के लालच और टोना-टोटके के शक में एक शख्स ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर सगे बड़े भाई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी बेटों सहित फरार हो गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

यह दिल दहला देने वाली घटना थाना एचोंडा कम्बोह क्षेत्र के राजी खेड़ा गांव की है। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे मृतक संजीव अपने घर के बाहर बंधे पशुओं को खोल रहे थे, तभी उनका छोटा भाई ब्रजकिशोर अपने दो बेटों अर्पित और आरव के साथ मौके पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि तीनों ने मिलकर संजीव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

  • टोना-टोटका और पेंशन बना विवाद की जड़

घटना की सूचना पर गांव पहुंचे मृतक के भाई नवीन कुमार ने बताया कि आरोपी ब्रजकिशोर और उसकी पत्नी सपना लंबे समय से बड़े भाई और उनके परिवार पर टोना-टोटका कराने का शक करते थे। साथ ही दिवंगत शिक्षक पिता की पेंशन को लेकर भी दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी अपनी विधवा मां को अपने पास रखकर पेंशन लेने का दबाव बनाता था। परिजनों के अनुसार, इस विवाद को सुलझाने के लिए रिश्तेदारों की मौजूदगी में पंचायत भी बुलाई गई थी, लेकिन आरोपी पक्ष ने पंचायत का फैसला मानने से इंकार कर दिया था। विवाद बढ़ने पर ब्रजकिशोर का परिवार गांव छोड़कर हसनपुर में मां के साथ रहने लगा था, जबकि संजीव अपने परिवार सहित गांव में ही रह रहे थे।

  • दिन में वारदात से मचा हड़कंप

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित थाना पुलिस को सख्त निर्देश देते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आदेश दिए। एएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतक के भाई नवीन कुमार की तहरीर पर ब्रजकिशोर, उसकी पत्नी सपना और दो बेटों समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। भाई द्वारा भाई की हत्या की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और रिश्तों पर सवाल खड़े कर रही है।

Also Read- यूपी की नई पहचान: 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा यूपी, सिंगापुर-जापान दौरे ने खोले नए द्वार।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow