Sambhal: सरकारी रास्ते पर बनी ईदगाह की अवैध दीवार पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने कोठरी भी कराई ध्वस्त
जनपद सम्भल में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुन्नौर
उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुन्नौर तहसील क्षेत्र के ग्राम दौलतखां में सरकारी रास्ते की भूमि पर बने अवैध निर्माण को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान ईदगाह की बाउंड्रीवाल और एक कोठरी को बुलडोजर से गिरा दिया गया।
एसडीएम गुन्नौर विकास चंद्र के अनुसार ग्राम दौलतखां में गाटा संख्या 432 राजस्व अभिलेखों में सार्वजनिक रास्ते के रूप में दर्ज है। प्रशासन द्वारा सीमांकन कराने पर पाया गया कि ईदगाह की बाउंड्रीवाल और एक कोठरी सरकारी रास्ते की जमीन पर बनी हुई थी। इसके बाद ईदगाह कमेटी को नोटिस देकर अवैध निर्माण स्वयं हटाने के लिए समय दिया गया था। प्रशासन का कहना है कि निर्धारित समय सीमा के बावजूद कमेटी द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई की गई। मौके पर पहुंची टीम ने रास्ते में आ रहे हिस्से को ध्वस्त कर सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि फिलहाल केवल अवैध कब्जे वाले हिस्से को हटाया गया है। जुर्माने की कार्रवाई के संबंध में प्रशासन आगे कानूनी पहलुओं का परीक्षण करेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Also Read- Gonda: मंच पर मुख्यमंत्री के आने के बाद से पंडाल में गूंजता रहा जय श्री राम व बुलडोजर बाबा का जयघोष
What's Your Reaction?




