Hardoi: ग्रीष्मावकाश में जनगणना ड्यूटी कर रहे शिक्षकों को उपार्जित अवकाश देने की मांग।

जनगणना 2026 के दौरान ग्रीष्मावकाश में ड्यूटी कर रहे परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को उपार्जित अवकाश (Earned Leave) दिए

May 14, 2026 - 17:20
24 Views
Hardoi: ग्रीष्मावकाश में जनगणना ड्यूटी कर रहे शिक्षकों को उपार्जित अवकाश देने की मांग।
ग्रीष्मावकाश में जनगणना ड्यूटी कर रहे शिक्षकों को उपार्जित अवकाश देने की मांग।
हरदोई। जनगणना 2026 के दौरान ग्रीष्मावकाश में ड्यूटी कर रहे परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को उपार्जित अवकाश (Earned Leave) दिए जाने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी हरदोई के माध्यम से सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक जनगणना 2026 जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कर रहे हैं। मकान सूचीकरण, परिवार विवरण संकलन समेत विभिन्न कार्यों के लिए शिक्षकों की ड्यूटी ग्रीष्मावकाश के दौरान लगाई गई है, जिससे उन्हें अवकाश अवधि में भी लगातार फील्ड कार्य करना पड़ रहा है।
शिक्षक प्रतिनिधियों का कहना है कि ग्रीष्मावकाश शिक्षकों के लिए विश्राम, प्रशिक्षण तथा नए शैक्षिक सत्र की तैयारी का महत्वपूर्ण समय होता है, लेकिन जनगणना कार्य के चलते शिक्षकों को अतिरिक्त मानसिक, शारीरिक और आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में निर्वाचन एवं अन्य शासकीय कार्यों के बाद कर्मचारियों को उपार्जित अवकाश प्रदान किए जाने की व्यवस्था रही है। ऐसे में जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों को भी नियमानुसार उपार्जित अवकाश का लाभ दिया जाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से मांग की कि जनगणना 2026 में ग्रीष्मावकाश के दौरान कार्य करने वाले शिक्षकों को उनके कार्य दिवसों के अनुपात में उपार्जित अवकाश प्रदान करने हेतु शीघ्र आवश्यक आदेश जारी किए जाएं, जिससे शिक्षकों का मनोबल बढ़ सके। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष आलोक मिश्रा, उपाध्यक्ष अनुराग पांडे, जिला संयुक्त मंत्री आशीष दीक्षित, ब्लॉक अध्यक्ष बावन अभिषेक गुप्ता सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow