Hardoi: पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल की साजिश नाकाम, अभ्यर्थी मोबाइल और प्रश्नपत्र के साथ गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 में नकल कराने की कोशिश को हरदोई पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। थाना

By INA News Desk
Jun 9, 2026 - 19:48
25 Views
Hardoi: पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल की साजिश नाकाम, अभ्यर्थी मोबाइल और प्रश्नपत्र के साथ गिरफ्तार
पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल की साजिश नाकाम, अभ्यर्थी मोबाइल और प्रश्नपत्र के साथ गिरफ्तार

हरदोई। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 में नकल कराने की कोशिश को हरदोई पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। थाना कोतवाली शहर पुलिस ने एक अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र के भीतर छिपाकर रखे गए मोबाइल फोन और पूर्व की प्रतियोगी परीक्षा के प्रश्नपत्र के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 9 जून को वेणी माधव विद्यापीठ इंटर कॉलेज, हरदोई में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा की प्रथम पाली के दौरान अभ्यर्थी रोहित पथौरी पुत्र प्रेमवीर निवासी कुंडौल, थाना डौकी, जनपद आगरा को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पकड़ा गया। जांच में उसके कब्जे से पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 का प्रश्नपत्र तथा उसकी निशानदेही पर बाथरूम में छिपाया गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने एक दिन पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर वाटर कूलर के पास मोबाइल फोन और एक पुराने प्रतियोगी परीक्षा के प्रश्नपत्र को छिपा दिया था। परीक्षा के दिन चेकिंग के बाद उसने मोबाइल को बाथरूम में रख दिया और पुराने प्रश्नपत्र को परीक्षा कक्ष में ले गया। बाद में वह कथित रूप से प्रश्नपत्र हल करने या नकल करने के उद्देश्य से बाथरूम की ओर जा रहा था, तभी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाशी ली और पूरा मामला उजागर हो गया।

घटना के संबंध में थाना कोतवाली शहर में मुकदमा संख्या 400/2026 के तहत उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 की धारा 9/13(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 84(ग) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक वीवो मोबाइल फोन तथा पूर्व की प्रतियोगी परीक्षा का प्रश्नपत्र बरामद किया है। वहीं कक्ष निरीक्षक की ओर से कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने के संबंध में जिलाधिकारी को भी रिपोर्ट भेजी गई है। परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी सतर्कता के चलते नकल की यह कोशिश समय रहते पकड़ ली गई।

Also Read- जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक: 'एक घर-एक सहजन पौधा' अभियान पर जोर, डीएम ने विभागों को सौंपी जिम्मेदारी

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow