देवबंद शत्रु संपत्ति मामला: निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर अधिकारियों से मिले विकास त्यागी, संरक्षण का लगाया आरोप
देवबंद में शत्रु संपत्ति पर अवैध कब्जे के मामले में विकास त्यागी ने प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर स्वतंत्र जांच और कार्रवाई की मांग की है।
देवबंद: शत्रु संपत्ति पर अवैध कब्जे के मामले को लेकर बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने सहारनपुर मंडलायुक्त डॉक्टर रुपेश कुमार, जिलाधिकारी अरविंद चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अधिकारियों को सौंपे गए पत्र में विकास त्यागी ने आरोप लगाया है कि वर्ष 1989 में पाकिस्तान जा चुकी सालेहा खातून के नाम दर्ज शत्रु संपत्ति पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद उचित कदम उठाने के बजाय कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। पत्र में दावा किया गया कि एक नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे छोड़ दिया गया और अब मामले में अंतिम रिपोर्ट लगाने की प्रक्रिया चल रही है।
विकास त्यागी ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की जांच देवबंद से बाहर की किसी स्वतंत्र पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से कराई जाए। इसके अतिरिक्त संबंधित भूमि पर कथित रूप से संचालित हो रहे मदरसे के आरोपों की भी गहन पड़ताल करने की मांग की गई है। उन्होंने शत्रु संपत्ति को शासन के नियंत्रण में लेने, पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने और साक्ष्यों के आधार पर सभी जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का आग्रह किया है।
Also Click : यूपी में छात्रवृत्ति योजना का समयबद्ध और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित, नोडल अधिकारी किए जाएंगे तैनात
What's Your Reaction?




