Deoband : संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया प्रताड़ना और हत्या का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ समय पहले भी इसी पारिवारिक कलह के कारण वर्षा अपने मायके चली गई थी, लेकिन दोनों पक्षों के गणमान्य लोगों द्वारा समझाए जाने के बाद वह दोबारा अपनी ससुराल लौट आई थी।
देवबंद कोतवाली क्षेत्र के लखनौती गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतका का शव घर के भीतर पलंग पर पड़ा मिला, जिसके बाद पति और ससुराल के अन्य सदस्य घर से भाग गए। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का सीधा आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
नागल थाना क्षेत्र के नंदनपुर गांव की रहने वाली वर्षा का विवाह लगभग सात वर्ष पहले लखनौती गांव के एक युवक के साथ हुआ था। दंपति की कोई संतान नहीं थी, जिसके कारण परिवार में अक्सर अनबन और विवाद रहता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ समय पहले भी इसी पारिवारिक कलह के कारण वर्षा अपने मायके चली गई थी, लेकिन दोनों पक्षों के गणमान्य लोगों द्वारा समझाए जाने के बाद वह दोबारा अपनी ससुराल लौट आई थी। सोमवार को जब वर्षा की मौत की खबर मायके पक्ष को मिली, तो वे तुरंत लखनौती गांव पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि वहां पहुंचने पर घर खाली था और पति समेत सभी आरोपी फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पीड़िता वर्षा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आशंका जताई है कि ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट करने के बाद गला दबाकर उसकी जान ले ली। देवबंद के सीओ शैलेंद्र गौतम ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Click : Saharanpur : सहारनपुर में यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में सवा लाख का इनामी कुख्यात अपराधी ललन सिंह ढेर
What's Your Reaction?




