Deoband : मजदूर की संदिग्ध मौत पर ठेकेदार और बैंक्वेट हॉल मालिक सहित चार पर हत्या का मुकदमा, दो हिरासत में
गुरमीत घ्याना गांव के ठेकेदार रोहताश के पास मजदूरी का काम करता था। वह पनियाली मार्ग पर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित शादी समारोह में काम करने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन बाद में उसका शव एक ट्यूबवेल के पास बरामद हुआ।
सहारनपुर जिले के देवबंद अंतर्गत बेगमपुर गांव के रहने वाले गुरमीत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने ठेकेदार और बैंक्वेट हॉल मालिक समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। शव का अंतिम संस्कार गांव के ही श्मशान घाट में कड़े पुलिस पहरे के बीच किया गया। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव और तल्हेड़ी पुलिस चौकी के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
गुरमीत घ्याना गांव के ठेकेदार रोहताश के पास मजदूरी का काम करता था। वह पनियाली मार्ग पर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित शादी समारोह में काम करने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन बाद में उसका शव एक ट्यूबवेल के पास बरामद हुआ। घटना के बाद पुलिस द्वारा परिजनों को देरी से सूचना दिए जाने से गुस्साए ग्रामीणों ने तल्हेड़ी पुलिस चौकी पर हंगामा करते हुए हाईवे जाम कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़ित पिता इसम सिंह की शिकायत पर ठेकेदार रोहताश, शाहपुर निवासी बैंक्वेट हॉल स्वामी सोनू सैनी, घ्याना निवासी मुकुल और बड़गांव थाना क्षेत्र के बेहडेकी गांव निवासी राधे के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकुल और राधे को हिरासत में ले लिया है, जबकि ठेकेदार और बैंक्वेट हॉल मालिक अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
देवबंद के सीओ शैलेंद्र प्रसाद गौतम ने बताया कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। हिरासत में लिए गए आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है और पीड़ित परिवार के आरोपों सहित मामले से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
What's Your Reaction?




