सोशल मीडिया पर वायरल आत्महत्या प्रयास मामले में पुलिस का स्पष्टीकरण, आरोपी पर दर्ज हैं 9 मुकदमे
हरदोई पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल एक महिला द्वारा आत्महत्या के प्रयास से जुड़े मामले में विस्तृत स्पष्टीकरण जारी
हरदोई पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल एक महिला द्वारा आत्महत्या के प्रयास से जुड़े मामले में विस्तृत स्पष्टीकरण जारी किया है। पुलिस के अनुसार मामला थाना संडीला क्षेत्र के ग्राम किरतहिया मजरा मण्डौली का है, जहां पारिवारिक विवाद को लेकर पहले से मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक 3 जून 2026 को सर्वदमन सिंह ने अपने पड़ोसी एवं रिश्तेदार अभिषेक सिंह उर्फ अरविंद सिंह पर शराब के नशे में गाली-गलौज, मारपीट की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना संडीला में अभिषेक सिंह के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अभिषेक सिंह द्वारा पूर्व में अपनी पत्नी के साथ मारपीट की जाती थी, जिसके चलते वैवाहिक विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि अभिषेक की पत्नी घर में रखा लगभग 16 कुंतल गेहूं बेचकर मायके चली गई थी। बाद में अभिषेक द्वारा चोरी की सूचना दी गई, लेकिन जांच में चोरी की घटना असत्य पाई गई।
पुलिस के अनुसार 15 जून को मिथिलेश कुमारी अपने पुत्र अभिषेक सिंह को गिरफ्तारी से बचाने और वादी के खिलाफ कथित रूप से झूठा मुकदमा दर्ज कराने के उद्देश्य से लखनऊ गई थीं। पुलिस ने यह भी बताया कि मिथिलेश कुमारी द्वारा पहले भी कई बार झूठी शिकायतें और डायल-112 पर कॉल किए जाने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभिषेक सिंह उर्फ अरविंद सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, विस्फोटक अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही सूचनाओं की सत्यता जांचे बिना अफवाहों पर विश्वास न करें।
What's Your Reaction?