देवबंद में सर्वधर्म एकता संगठन का संदेश: सौहार्द और सादगी से मनाएं त्योहार, बाजारों से अतिक्रमण हटाने की मांग
देवबंद में सर्वधर्म एकता संगठन की बैठक में दीपावली पर आपसी भाईचारा, स्वच्छता बनाए रखने और बाजारों से अतिक्रमण हटाने की मांग प्रशासन से की गई।
देवबंद में सामाजिक सद्भाव और नगर व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से सर्वधर्म एकता संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मोहल्ला गुज्जरवाड़ा स्थित कार्यालय में संपन्न हुई इस बैठक में आगामी प्रकाश पर्व को पारस्परिक प्रेम, सद्भाव और सादगी के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही त्योहारी भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन से प्रमुख बाजारों तथा व्यस्त मार्गों से अस्थाई अतिक्रमण हटाने का आग्रह किया गया।
संगठन के संस्थापक पुनीत गर्ग बालाजी ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्व समाज को जोड़ने और पारस्परिक संबंधों को मजबूत करने का माध्यम होते हैं। सभी नागरिकों को मिलकर उत्सव की खुशियां साझा करनी चाहिए और हर वर्ग की आस्था व भावनाओं का आदर करना चाहिए। किसी की भावना को आहत किए बिना समाज में एकता और भाईचारे का उदाहरण प्रस्तुत करना ही हर नागरिक का कर्तव्य है।
बैठक में नगर की स्वच्छता, पर्यावरण और शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। संगठन के अध्यक्ष धीरज गुप्ता और महामंत्री संजीव पाल भवानी ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास सफाई रखें और वातावरण को प्रदूषण से बचाने में सहयोग दें। उपाध्यक्ष अनवार सिद्दीकी और योगेश कोहली ने स्थानीय निकाय प्रशासन से मांग की कि पर्व के दौरान बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में नियमित सफाई तथा बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि राहगीरों और खरीदारों को किसी तरह की असुविधा न हो।
इस संवाद कार्यक्रम में राधेश्याम सैनी, दीपक वर्मा, अंकित जैन, रोहित गर्ग, धनराज चावला, सरदार देवेंद्र सिंह, आसिफ कुरैशी, मनोज भारती, पंकज सैनी और अनित अग्रवाल सहित संगठन से जुड़े कई सदस्य उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

