Devband News: देवबंद में धूमधाम से मनाया गया तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, हनुमान चौक पर भक्ति और आस्था का दिखा अद्भुत संगम
प्राचीन श्री हनुमान मंदिर सेवा ट्रस्ट (रजि.), देवबंद के तत्वावधान में हनुमान चौक पर तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
देवबंद। प्राचीन श्री हनुमान मंदिर सेवा ट्रस्ट (रजि.), देवबंद के तत्वावधान में हनुमान चौक पर तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मंदिर परिसर एवं कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण कृष्ण भक्ति से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के अंतर्गत बाबा को चोला अर्पण, बाबा के स्वर्ण चोले में दर्शन, ठाकुर जी के झूले में दर्शन, श्री तिरुपति बालाजी की आरती एवं झांकी दर्शन, धर्म ध्वज स्थापना और हनुमान जी की शयन आरती सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शाम के समय श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण एवं तिरुपति बालाजी की मनोहारी झांकियों के दर्शन किए। धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और जय श्रीकृष्ण तथा जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजक अनुज सिंघल (एडवोकेट) तथा सह संयोजक रोहित बंसल सहित ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
What's Your Reaction?







