Sitapur: देवदेवेश्वर गोमती घाट पर स्नान के दौरान युवक डूबा, मौत; एक घंटे बाद रेस्क्यू कर निकाला गया शव
नैमिषारण्य के प्रसिद्ध देवदेवेश्वर गोमती घाट पर सोमवार सुबह स्नान करने पहुंचे एक युवक की गहरे पानी में डूबने से
रिपोर्ट: सुरेंद्र मोठी, नैमिषारण्य
नैमिषारण्य/सीतापुर। नैमिषारण्य के प्रसिद्ध देवदेवेश्वर गोमती घाट पर सोमवार सुबह स्नान करने पहुंचे एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद घाट पर मौजूद पुलिसकर्मियों को सूचना दी गई, जिसके बाद जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीम ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को पानी से बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना संदना क्षेत्र के ग्राम निबाह निवासी सोनू शुक्ला (20) पुत्र सुशील कुमार शुक्ला सोमवार सुबह अपने साथियों के साथ नैमिषारण्य स्थित देवदेवेश्वर गोमती घाट पर स्नान करने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि सुबह करीब सात बजे स्नान के दौरान सोनू अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते पानी में लापता हो गया।
घटना के बाद सोनू के साथ मौजूद साथियों ने तत्काल घाट पर तैनात पुलिसकर्मियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने सोनू को पानी से बाहर निकाल लिया। पुलिस की मदद से युवक को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैमिषारण्य ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सोनू की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम मिश्रिख दीपक गुप्ता तथा नैमिषारण्य थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देवदेवेश्वर गोमती घाट पर युवक के डूबने की घटना ने एक बार फिर गहरे पानी वाले स्थानों पर स्नान के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read- Kolkata Hotel Fire: कोलकाता के होटल में भीषण आग से 9 लोगों की मौत, छत पर भागकर बची कई जानें
What's Your Reaction?







