Hardoi News: फॉर्मर रजिस्ट्री में जनपद शून्य से शिखर तक, जिलाधिकारी ने पूरी टीम को दिया उपलब्धि का श्रेय। 

फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में जनपद हरदोई ने जो छलांग लगायी उसने सभी को स्तब्ध कर दिया। नये वर्ष के ठीक पहले जनपद फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में काफ़ी पीछे....

Jan 13, 2025 - 18:56
74 Views
Hardoi News: फॉर्मर रजिस्ट्री में जनपद शून्य से शिखर तक, जिलाधिकारी ने पूरी टीम को दिया उपलब्धि का श्रेय। 

हरदोई। फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में जनपद हरदोई ने जो छलांग लगायी उसने सभी को स्तब्ध कर दिया। नये वर्ष के ठीक पहले जनपद फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में काफ़ी पीछे चल रहा था। बहुत कम लोगों को ही उम्मीद रही होगी कि जनपद इतनी जल्दी प्रदेश में सबसे अधिक फॉर्मर रजिस्ट्री करने वाला जनपद बन जाएगा। लेकिन एक शख्स जो ऐसे में भी आत्मविश्वास से लबरेज थे वो थे जनपद के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह। तारीख़ थी 1 जनवरी 2025, जिलाधिकारी ने जन सुनवाई की शुरुआत में ही वर्चुअल माध्यम से जुड़े अधिकारियों को नये वर्ष की शुभकामनायें दी।

शुभकामनाओं के साथ ही उन्होंने जनपद के सम्बंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को उनका बल याद दिलाते हुए नये वर्ष में नयी ऊर्जा के साथ फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में जुटने को कहा। सभी अधिकारियों ने भी जिलाधिकारी को विश्वास दिलाया कि वह नये वर्ष में नयी ऊर्जा के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने जिलाधिकारी का सन्देश नीचे के स्तर तक पहुँचाया। इसका परिणाम यह हुआ जो जनपद फॉर्मर रजिस्ट्री में काफ़ी पीछे था उसने प्रदेश में जौनपुर को पीछे छोड़ते हुए सबसे अधिक फॉर्मर रजिस्ट्री करने का कारनामा कर दिखाया। चाहे वह राजस्व विभाग हो, कृषि विभाग हो, ग्राम्य विकास विभाग हो या पंचायती राज विभाग, सभी विभागों ने एक अच्छे समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा व जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुसार कार्य किया तथा किसान हित में फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया।

जिलाधिकारी स्वयं भी कार्य को देखने के लिए गावों में  पहुँचे। उन्होंने किसानों से संवाद कर फॉर्मर रजिस्ट्री के महत्त्व के बारे में बताया। उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि सभी किसान बंधु जल्द से जल्द फॉर्मर रजिस्ट्री करवा लें ताकि किसान सम्मान निधि की किश्तें उनको निर्बाध रूप से मिलती रहें। कृषक जागरूकता की जो अलख जिलाधिकारी ने ग्राम कूर्रिया से जगायी उसका सन्देश बहुत दूर तक गया। सभी सम्बंधित विभाग सीधे किसानों तक पहुँचे और किसानों ने फॉर्मर रजिस्ट्री के महत्त्व के बारे में जाना। सेल्फ मोड व कैम्प मोड दोनों से ही कार्य में अभूतपूर्व तेजी आयी। कॉमन सर्विस सेंटरों का भी कार्य में पूरा सहयोग रहा। इन्ही समन्वित प्रयासों के परिणाम ने जनपद को यह अभूतपूर्व उपलब्धि दिलायी।

Also Read- Hardoi News: जिलाधिकारी ने की राजघाट मेला व्यवस्था की समीक्षा।

जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि पर अपनी समस्त टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी टीम के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। इसके साथ ही उन्होंने टीम को सन्देश भी दिया कि अनवरत ऊर्जा के साथ फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में लगे रहें तथा अवशेष कार्य को जल्द पूर्ण करें। जनपद के किसानों ने भी जिलाधिकारी व उनकी टीम के कार्यों की सराहना की। किसान प्रतिनिधियों का मानना है कि जिन किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री हो चुकी है उनको अब निर्बाध रूप से किसान सम्मान निधि की किश्त मिल सकेगी। इसी को लेकर उपनिदेशक कृषि डॉ नन्द किशोर व किसान प्रतिनिधियों को पुष्प गुच्छ भेंट किया। जिलाधिकारी ने कहा कि उनकी टीम अब और अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow