सम्भल नगर पालिका का दर्जा घटाना जनता के साथ अन्याय, नगर निगम बनना चाहिए था - फिरोज खान का बड़ा हमला

सम्भल नगर पालिका परिषद का प्रथम श्रेणी का दर्जा समाप्त होने के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खान ने

Jul 15, 2026 - 13:08
59 Views
सम्भल नगर पालिका का दर्जा घटाना जनता के साथ अन्याय, नगर निगम बनना चाहिए था - फिरोज खान का बड़ा हमला
फिरोज खान, सपा नेता

उवैस दानिश, सम्भल

सम्भल नगर पालिका परिषद का प्रथम श्रेणी का दर्जा समाप्त होने के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खान ने प्रदेश सरकार और नगर पालिका नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी नगर पालिका परिषदों में शामिल सम्भल को आगे बढ़ाने के बजाय पीछे धकेला जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

फिरोज खान ने कहा कि सम्भल क्षेत्रफल, वार्डों की संख्या और जनसंख्या के हिसाब से बड़ी नगर पालिका परिषद है। ऐसे शहर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने और पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने की जरूरत थी, लेकिन इसके उलट नगर पालिका का दर्जा कम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे विकास कार्यों और मिलने वाले संसाधनों पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने नगर पालिका चेयरमैन और अन्य जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनता ने विश्वास के साथ उन्हें चुना है, इसलिए इस मुद्दे पर उनकी आवाज बुलंद होनी चाहिए थी। फिरोज खान ने कहा कि चेयरमैन एआईएमआईएम से हैं और पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी संसद में मुखर रहते हैं, लेकिन सम्भल के इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर अब तक कोई प्रभावी आवाज नहीं उठी। सपा नेता ने ऐलान किया कि समाजवादी पार्टी इस फैसले के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि वह प्रमुख सचिव, संबंधित अधिकारियों और जिलाधिकारी से मुलाकात कर इस मुद्दे को उठाएंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि सम्भल को नगर पंचायत जैसा दर्जा देने की नहीं, बल्कि नगर निगम बनाने की जरूरत है। हम इस फैसले का विरोध करेंगे और इसे खत्म नहीं होने देंगे।

Also Read- Gorakhpur Development: गोरखपुर को 697 करोड़ की सौगात, सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे चार प्रमुख सड़कों का लोकार्पण

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow