Bajpur: सफाई न होने से सुल्तानपुर नगर में गंदगी का अंबार, ईद से पहले उठी सफाई की मांग।
नगर पंचायत सुल्तानपुर में पिछले कई दिनों से सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण नगर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं
ब्यूरो चीफ:आमिर हुसैन
बाजपुर: नगर पंचायत सुल्तानपुर में पिछले कई दिनों से सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण नगर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे क्षेत्र में गंदगी फैलने के साथ ही बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। इस संबंध में स्थानीय निवासी साजिद हुसैन ने जिलाधिकारी उधमसिंह नगर को प्रार्थना पत्र देकर जल्द सफाई व्यवस्था सुचारू कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि वर्तमान में रमजान का महीना चल रहा है और आगामी 21 मार्च 2026 को ईद का त्योहार भी मनाया जाएगा। ऐसे में नगर पंचायत सुल्तानपुर में 7 मार्च 2026 से सफाई कार्य नहीं हो रहा है, जिसके चलते नगर के विभिन्न स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है।
प्रार्थी के अनुसार जब इस संबंध में नगर पंचायत सुल्तानपुर के अधिशासी अधिकारी से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिस कारण सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। वहीं लगातार बढ़ती गंदगी के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
साजिद हुसैन ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत सुल्तानपुर में सफाई व्यवस्था को जल्द से जल्द सुचारू रूप से शुरू कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि नगरवासियों को गंदगी की समस्या से राहत मिल सके।
What's Your Reaction?











