Sambhal: बिजली संकट पर भड़के किसान: फसलें सूख रहीं, स्मार्ट मीटर के खिलाफ बड़ा आंदोलन चेतावनी।
सम्भल जनपद में बिजली संकट को लेकर किसानों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। भारतीय किसान यूनियन (असली) के बैनर तले
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल जनपद में बिजली संकट को लेकर किसानों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। भारतीय किसान यूनियन (असली) के बैनर तले किसानों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रदेश प्रवक्ता जयवीर सिंह यादव ने बताया कि सम्भल डिवीजन के हसनपुर मुंजबता क्षेत्र सहित कई गांवों में बिजली आपूर्ति बेहद खराब है, जिससे खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा और फसलें बर्बादी के कगार पर हैं।
किसानों का कहना है कि उन्हें तीन-तीन दिन बाद बिजली मिल रही है, जिससे मक्का की तैयार फसल झुलस रही है। पहले ही आलू की फसल में नुकसान झेल चुके किसान अब पूरी तरह टूटने की कगार पर हैं। उनका सवाल है कि अगर फसल ही नहीं बचेगी तो परिवार का पालन-पोषण कैसे होगा। वहीं, पल्था गांव में बिजली लाइन की समस्या को लेकर भी किसानों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि लंबे समय से शिकायत के बावजूद लाइन ठीक नहीं कराई गई, जिससे गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। इसके अलावा स्मार्ट मीटर को लेकर भी किसानों में भारी आक्रोश है। किसानों का आरोप है कि जबरन लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों से 15-15 दिन में 5 से 7 हजार रुपये तक के बिजली बिल आ रहे हैं, जिससे गरीब और मजदूर वर्ग की कमर टूट रही है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने अधिशासी अभियंता के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 30 अप्रैल तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
Also Read- Lucknow: बेटी से लखपति दीदी तक- योगी सरकार ने महिलाओं के विकास को दी नई दिशा।
What's Your Reaction?









