Fatehpur : फतेहपुर में फर्जी मेट्रोमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, तीन युवतियों समेत छह गिरफ्तार

पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे पिछले 18 महीनों से एक वेबसाइट के माध्यम से विवाह के इच्छुक लोगों के मोबाइल नंबर जुटाते थे। इसके बाद उन्हें अलग-अलग पैकेज का लालच देकर क्यूआर कोड के जरिए अपने खातों में पैसे मंगवाते थे।

Apr 1, 2026 - 22:22
 0  4
Fatehpur : फतेहपुर में फर्जी मेट्रोमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, तीन युवतियों समेत छह गिरफ्तार
Fatehpur : फतेहपुर में फर्जी मेट्रोमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, तीन युवतियों समेत छह गिरफ्तार

फतेहपुर पुलिस ने शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े फर्जी मेट्रोमोनियल कॉल सेंटर का खुलासा किया है। जिला मुख्यालय पर संचालित इस सेंटर के जरिए लोगों को शादी का झांसा देकर लाखों रुपये ठगे जा रहे थे। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस गिरोह में जिले की युवतियां और अन्य राज्यों के युवक शामिल हैं। पुलिस ने मौके से आदित्य, अनिल, दिनेश, नीलम, तनु और श्रेया को गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे पिछले 18 महीनों से एक वेबसाइट के माध्यम से विवाह के इच्छुक लोगों के मोबाइल नंबर जुटाते थे। इसके बाद उन्हें अलग-अलग पैकेज का लालच देकर क्यूआर कोड के जरिए अपने खातों में पैसे मंगवाते थे। इनके पास 2,999 रुपये से लेकर 19,999 रुपये तक के पांच तरह के ऑफर थे। रकम मिलने के बाद ये लोग वॉट्सऐप पर फर्जी फोटो भेजते थे और फिर किसी लड़की से नकली बात कराकर लोगों का भरोसा जीतते थे। एक बार पैसा मिल जाने के बाद आरोपी संबंधित व्यक्ति से संपर्क तोड़ देते थे।

जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य मकसद शादी के इच्छुक लोगों को ठगना था। इस काम के लिए बकायदा कर्मचारियों की नियुक्ति की गई थी। ठगी की रकम से कर्मचारियों का वेतन देने के बाद बाकी पैसा मुख्य आरोपी आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 72,930 रुपये नकद, 8 सीपीयू, 7 मॉनिटर, एक प्रिंटर, बायोमेट्रिक डिवाइस, सीसीटीवी कैमरे, 25 की-पैड मोबाइल, 3 एंड्रॉयड फोन और 144 सिम कार्ड बरामद किए हैं।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में छत्तीसगढ़ के आदित्य और दिनेश, मध्य प्रदेश का अनिल और फतेहपुर की नीलम, तनु व श्रेया शामिल हैं। इस गिरोह के खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और गुजरात जैसे राज्यों में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य साथियों और नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

Also Click : Sambhal: दहेज, सट्टा और हैवानियत: पति ने गड़ासे से किया हमला, इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही पीड़िता

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow