पटाखा कारोबारियों को सीएम योगी का बड़ा भरोसा, बोले- व्यापारियों का किसी कीमत पर नहीं होगा उत्पीड़न
दीपावली से पहले आतिशबाजी कारोबारियों ने सीएम योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात। सीएम ने दिया भरोसा- प्रदेश में किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।
प्रकाश के महापर्व दीपावली से पूर्व उत्तर प्रदेश के आतिशबाजी कारोबारियों की व्यावहारिक समस्याओं और चिंताओं को लेकर शासन स्तर पर सकारात्मक पहल देखने को मिली है। प्रदेश भर के पटाखा व्यवसाइयों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान व्यापारियों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक रीति से स्वागत व सम्मान करते हुए पर्व के दौरान कारोबार संचालन में आ रही विभिन्न अड़चनों, लाइसेंस प्रक्रिया और प्रशासनिक स्तर पर पेश आने वाली दिक्कतों से अवगत कराया तथा समाधान हेतु विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों की बातों को संवेदनशीलता से सुनते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से आश्वस्त किया कि प्रदेश में किसी भी आतिशबाजी व्यापारी का किसी भी स्तर पर अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून और सुरक्षा मानकों के दायरे में रहकर वैध व्यापार करने वाले प्रत्येक कारोबारी के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। त्योहारों के मौसम में व्यापारियों को अनावश्यक प्रशासनिक परेशानियों से बचाने और नियमों के अनुरूप सुरक्षित कारोबार को बढ़ावा देने के लिए शासन आवश्यक कदम उठाएगा।
मुलाकात के दौरान हाथरस के प्रमुख पटाखा व्यवसायी एवं संगठन मंत्री अनुभव अग्रवाल ने अपनी पुत्री सिद्धि अग्रवाल के साथ मुख्यमंत्री को ठाकुर जी की पावन चुनरी और प्रसाद भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख से आतिशबाजी कारोबारियों में उत्साह का वातावरण बना है और उन्होंने प्रदेश सरकार की व्यापारी हितैषी नीतियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
फायरवर्क्स डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के इस प्रतिनिधिमंडल में संगठन के अध्यक्ष हेमंत चांदना, महासचिव महेश गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वेदप्रकाश गुप्ता, अखिलेश गुप्ता तथा कार्यालय व मीडिया प्रभारी राकेश कटारिया सहित कई प्रमुख व्यापारी नेता सम्मिलित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने भरोसा जताया कि शासन के इस आश्वासन से त्योहार के दौरान प्रदेश भर में सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण व्यापारिक माहौल सुनिश्चित हो सकेगा।
What's Your Reaction?

