Gonda : गोंडा नगर पालिका में विकास कार्यों के लिए 84.46 करोड़ का बजट पास

एक महत्वपूर्ण फैसले में बोर्ड ने घर-घर से कूड़ा उठाने के बदले शुल्क लेने के प्रस्ताव को निरस्त कर दिया है। पालिका प्रशासन ने आय बढ़ाने के लिए प्रति घर 30 रुपये महीना वसूलने का सुझाव दिया था, लेकिन सभासदों के कड़े विरोध के बाद इसे हटा दिया गया। बैठ

Mar 31, 2026 - 22:30
32 Views
Gonda : गोंडा नगर पालिका में विकास कार्यों के लिए 84.46 करोड़ का बजट पास
Gonda : गोंडा नगर पालिका में विकास कार्यों के लिए 84.46 करोड़ का बजट पास

गोंडा नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में आगामी वर्ष के लिए 84.46 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। पालिका अध्यक्ष उजमा राशिद की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर के सभी 27 वार्डों के विकास के लिए 115 प्रस्तावों और 68 निर्माण कार्यों पर मुहर लगाई गई। बैठक के दौरान आय-व्यय का पूरा ब्योरा पेश किया गया। संचालन कर रहे एसडीएम और प्रभारी ईओ विशाल कुमार ने बताया कि फरवरी के अंत तक पालिका की कुल आय 87.88 करोड़ रुपये रही, जिसमें से 48.47 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। अगले साल के लिए लगभग 62.96 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

बैठक में विकास कार्यों की लंबी सूची पर सहमति बनी। इसमें सिविल लाइन चौकी से आरटीओ ऑफिस तक नाली निर्माण, पंतनगर, महरानीगंज, मकार्थीगंज, बड़गांव और साहेबगंज जैसे इलाकों में इंटरलॉकिंग सड़क, नाली निर्माण और मरम्मत के कार्य शामिल हैं। इसके अलावा आवास विकास कॉलोनी, शास्त्री नगर और पटेल नगर पूर्वी जैसे वार्डों में भी जल निकासी और सड़कों को बेहतर बनाने के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। शहर की रोशनी व्यवस्था को सुधारने के लिए 53.28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे एलईडी लाइटें और बिजली का अन्य सामान खरीदा जाएगा।

इस बैठक में तीन प्रमुख सड़कों और पार्कों के नाम बदलने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से पास किया गया। अब अंबेडकर चौराहे से डिग्री कॉलेज चौराहे तक की सड़क राजा देवीबख्श सिंह के नाम से जानी जाएगी। सिविल लाइन के चेतना पार्क का नाम स्वतंत्रता सेनानी लाल बिहारी टंडन और जेल रोड का नाम शहीद राजेंद्र नाथ लाहिड़ी के नाम पर रखने की मंजूरी दी गई है।

एक महत्वपूर्ण फैसले में बोर्ड ने घर-घर से कूड़ा उठाने के बदले शुल्क लेने के प्रस्ताव को निरस्त कर दिया है। पालिका प्रशासन ने आय बढ़ाने के लिए प्रति घर 30 रुपये महीना वसूलने का सुझाव दिया था, लेकिन सभासदों के कड़े विरोध के बाद इसे हटा दिया गया। बैठक में सांसद प्रतिनिधि संदीप पांडेय के साथ सभासद अनूप कुमार श्रीवास्तव, फहीम सिद्दीकी, शाहिद अली कुरैशी और अन्य सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा रैन बसेरों के इंतजाम और स्टेशनरी खरीद जैसे अन्य जरूरी कार्यों को भी स्वीकृति दी गई।

Also Click : Sambhal: जिलाध्यक्ष से बदसलूकी, CM को दी गालियां - अज्ञात युवक पर मारपीट और धमकी का आरोप।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow