हरदोई में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, एसडीएम सदर ने कई मतदान केंद्रों का किया स्थलीय निरीक्षण
हरदोई सदर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर एसडीएम सदर ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। बीएलओ से कार्यों की समीक्षा कर ग्रामीणों से लिया संवाद।
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए प्रशासन ने जमीनी स्तर पर पड़ताल तेज कर दी है। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय के आदेश और अपर जिलाधिकारी दीपाली भार्गव के निर्देश पर उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र ने राजस्व व निर्वाचन टीम के साथ हरदोई सदर विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप चल रहे कार्यों की प्रगति जानी और अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक व दोहरी प्रविष्टि से संबंधित सूचियों के भौतिक सत्यापन की स्थिति परखी।

उपजिलाधिकारी सदर ने नगर क्षेत्र स्थित राम जूनियर हाई स्कूल कौशलपुरी के मतदेय स्थलों सहित जूनियर हाई स्कूल हरदेवगंज, प्राथमिक पाठशाला टट्योरा, कन्या जूनियर हाई स्कूल टट्योरा, प्राथमिक पाठशाला समदा भिटारी और प्राथमिक पाठशाला धन्नूपुरवा स्थित मतदान केंद्रों का गहन मुआयना किया।

उन्होंने मौके पर तैनात बूथ स्तरीय अधिकारियों से गणना प्रपत्रों, नए नाम जोड़ने, संशोधन व विलोपन के लिए प्राप्त आवेदनों की अद्यतन स्थिति के बारे में जानकारी ली।

इसके साथ ही उन्होंने मतदान केंद्रों पर मौजूद ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के संचालन व सहायता की जानकारी प्राप्त की।

प्रशासनिक टीम ने मौके पर मौजूद कर्मियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जाए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर सचिन्द्र कुमार शुक्ला, नायब तहसीलदार ममता सिंह, प्रमेय, अनुपम तिवारी, राजस्व निरीक्षक रतन श्रीवास्तव, पर्यवेक्षक लेखपाल वीरेश राजपूत व अजय श्रीवास्तव उपस्थित रहे। इसके अलावा बूथ स्तरीय अधिकारी मधु कुमारी, स्मिता सिंह, आकाश शर्मा सहित वार्ड संख्या नौ की सभासद सोनी सिंह, प्रतिनिधि राजीव सिंह, संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधान और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?



