गैंगस्टर एक्ट का वांछित आरोपी गिरफ्तार: गोकशी व पशु तस्करी के 10 मामलों में था नामजद, बिलग्राम पुलिस की कार्रवाई

हरदोई की बिलग्राम पुलिस ने गोकशी और पशु तस्करी में लिप्त गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी मुकर्रम को किया गिरफ्तार। आरोपी पर दर्ज हैं कुल 10 संगीन आपराधिक मामले।

By INA News Desk
Oct 6, 2026 - 21:44
8 Views
गैंगस्टर एक्ट का वांछित आरोपी गिरफ्तार: गोकशी व पशु तस्करी के 10 मामलों में था नामजद, बिलग्राम पुलिस की कार्रवाई

हरदोई। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत बिलग्राम कोतवाली पुलिस ने संगठित गिरोह बनाकर पशु तस्करी और गोकशी जैसे अपराधों में लिप्त वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पकड़ा गया आरोपी सांडी थाने में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सांडी थाना पुलिस ने भौतिक और आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गिरोह बनाकर समाज विरोधी कार्यों व गोकशी की घटनाओं को अंजाम देने वाले पांच लोगों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। इसी क्रम में बिलग्राम कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में गठित उपनिरीक्षक दीप नारायण पाण्डेय, उपनिरीक्षक अक्षय मलिक, आरक्षी रिजवान खान, आरक्षी आनंद यादव और आरक्षी अनंत शुक्ला की टीम ने घेराबंदी करते हुए इस मुकदमे में वांछित मुकर्रम पुत्र पुत्तन, निवासी ग्राम चमरौआ, थाना शहजादनगर, जनपद रामपुर को दबोच लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी का लंबा और गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, धोखाधड़ी और शस्त्र अधिनियम के तहत हरदोई के सांडी थाने के अलावा जनपद रामपुर के कैमरी, भोट, शाहाबाद और शहजादनगर थानों में कई संगीन अभियोग शामिल हैं। पुलिस टीम आरोपी के अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क से जुड़ी गतिविधियों के संबंध में भी गहन छानबीन कर रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow