हरदोई में धूमधाम से मनाई गई स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने किया ध्वजारोहण
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पर स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। कार्यालय
हरदोई। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पर स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। कार्यालय पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी तथा उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों, सैनिकों और देशवासियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिनके अथक प्रयासों से भारत को पराधीनता की बेड़ियों से मुक्ति मिली। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के योगदान को देश कभी भुला नहीं सकता।
उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी खुले आसमान में स्वतंत्रता की सांस ले रही है और बिना किसी भेदभाव के अपनी प्रतिभा एवं सामर्थ्य के अनुरूप देश के विकास में योगदान दे रही है। यह स्वतंत्रता हमें हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों से प्राप्त हुई है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने के साथ देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में अपना योगदान दे।
जिलाध्यक्ष ने भारत निर्माण में भारतीय जनता पार्टी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सदैव राष्ट्रहित, सुशासन, अंत्योदय और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास के संकल्प के साथ कार्य करती रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज आत्मनिर्भरता, विकास, तकनीक, सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारियों समेत वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?







