Hardoi: शहीदों की धरती को सुरों का सलाम, 'माँ हरदोई तुझे प्रणाम' गीत का हुआ अनावरण
स्वतंत्रता दिवस से पहले हरदोई की धरती से देशभक्ति की भावना को समर्पित विशेष गीत “माँ हरदोई तुझे प्रणाम” का आज
हरदोई। स्वतंत्रता दिवस से पहले हरदोई की धरती से देशभक्ति की भावना को समर्पित विशेष गीत “माँ हरदोई तुझे प्रणाम” का आज भव्य लोकार्पण किया गया। हरदोई के रेडियो जागो 90.4 एफ़एम स्टूडियो में आयोजित कार्यक्रम में अनावरण का प्रतीक्षा कर रही जयदेव कपूर की प्रतिमा के समक्ष इस देशभक्ति गीत को आम जनता के लिए प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं क्रांतिकारी जयदेव कपूर के पुत्र संजय कपूर ने मुख्य अतिथि के रूप में गीत का लोकार्पण किया। जयदेव कपूर भगत सिंह के साथ स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े प्रमुख क्रांतिकारियों में रहे थे। उनके परिवार की उपस्थिति में हरदोई की मिट्टी और स्वतंत्रता संग्राम के योगदान को समर्पित गीत का जारी होना कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
“माँ हरदोई तुझे प्रणाम” को आज दोपहर रेडियो जागो के माध्यम से हरदोई की जनता तक पहुंचाया गया। इसके साथ ही जी म्यूजिक हरदोई की इस नई पेशकश को यूट्यूब सहित लगभग 56 म्यूजिक ऐप्स पर उपलब्ध कराने की तैयारी है। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के अवसर पर गीत को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार अभय शंकर गौड़ ने इसे हरदोई के लिए एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह गीत केवल संगीत प्रस्तुति नहीं, बल्कि हरदोई की धरती, यहां के स्वतंत्रता सेनानियों और देश के प्रति लोगों की राष्ट्रभक्ति को स्वर देने का प्रयास है।
गीत की प्रस्तुति से जुड़े गौरव अग्रवाल और संगीतकार संकेत तिवारी ने बताया कि “माँ हरदोई तुझे प्रणाम” का उद्देश्य हरदोई की ऐतिहासिक विरासत, यहां की मिट्टी और राष्ट्रभक्ति की भावना को गीत के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। गीत में हरदोई की उस गौरवशाली परंपरा को याद किया गया है, जिसमें इस क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित किया। गीत लोगों को स्वतंत्रता आंदोलन के उन संघर्षपूर्ण दिनों की याद दिलाने के साथ-साथ देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।
- हरदोई की मिट्टी और शहीदों को समर्पित
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि हरदोई की धरती ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। गीत इसी ऐतिहासिक विरासत को श्रद्धांजलि देते हुए लोगों को अपने शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने के लिए प्रेरित करता है। “माँ हरदोई तुझे प्रणाम” के माध्यम से जी म्यूजिक हरदोई की टीम ने स्वतंत्रता दिवस से पहले हरदोईवासियों के बीच राष्ट्रभक्ति का जज्बा जगाने और स्थानीय इतिहास को संगीत के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल की है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने गीत की टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि 15 अगस्त के अवसर पर यह देशभक्ति गीत हरदोई ही नहीं, बल्कि देशभर में लोगों के बीच अपनी विशेष पहचान बनाएगा।
What's Your Reaction?



