Hardoi: ग्रापए ने बढ़ाया संडीला में संगठन का दायरा, कछौना-भरावन में नई टीम को मिली कमान
कर्नाटक प्रदेशाध्यक्ष अतुल कपूर बोले—एकजुटता से मजबूत होगी पत्रकारों की आवाज, नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
रिपोर्टर : मुकेश सिंह सोमवंशी
हरदोई। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) की संडीला तहसील इकाई के संगठन विस्तार को लेकर बुधवार को कछौना विकासखंड सभागार में समीक्षा एवं संगठन विस्तार बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं कर्नाटक प्रदेशाध्यक्ष अतुल कपूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में पत्रकारों के हित, संगठन की मजबूती और तहसील क्षेत्र में संगठन के विस्तार को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान कई पत्रकारों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मां सरस्वती, वेदमाता गायत्री, मां भारती, पत्रकारिता के आदि देवर्षि नारद और ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के संस्थापक स्वर्गीय बाबू बालेश्वर लाल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि अतुल कपूर के साथ विशिष्ट अतिथि लखनऊ मंडल अध्यक्ष संजय सिंह, मंडल महामंत्री मुकेश सिंह 'आशा', हरदोई जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह 'बबलू' तथा संडीला तहसील अध्यक्ष मुकेश सिंह सोमवंशी का कछौना के पत्रकारों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। अतिथियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कछौना टीम को तहसील कार्यकारिणी में मिली अहम जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान हरदोई जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह 'बबलू' ने कछौना क्षेत्र के पत्रकारों की टीम को संडीला तहसील कार्यकारिणी में शामिल करने की घोषणा की। पत्रकार एस.बी. सिंह सेंगर को तहसील प्रभारी (सदस्यता एवं संगठन प्रसार) तथा वरिष्ठ पत्रकार योगेश त्रिपाठी को तहसील संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया।
इसके साथ ही संडीला तहसील क्षेत्र के भरावन ब्लॉक की कमेटी का गठन किया गया। पत्रकार सतेन्द्र यादव 'शेरा' को भरावन ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों का पत्रकार साथियों ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
- 'पत्रकारों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत'
मुख्य अतिथि अतुल कपूर ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन लगातार विस्तार कर रहा है। संगठन उत्तर प्रदेश के जिलों और तहसीलों के साथ देश के कई राज्यों में पत्रकारों को मजबूत मंच उपलब्ध करा रहा है। पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करना समय की आवश्यकता है।
लखनऊ मंडल अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान के लिए लगातार प्रयासरत है। संगठन पत्रकारों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए काम कर रहा है।
जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह 'बबलू' ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके सदस्यों की सक्रियता, अनुशासन और आपसी समन्वय पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि जिले में पत्रकारों के हित और सम्मान के लिए संगठन लगातार काम करता रहेगा।
संडीला तहसील अध्यक्ष मुकेश सिंह सोमवंशी ने कहा कि कछौना की टीम के तहसील संगठन में शामिल होने से कार्यकारिणी और मजबूत हुई है। संगठन के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकारों की भूमिका और प्रभावी होगी तथा पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जा सकेगा।
बैठक को मंडल महामंत्री मुकेश सिंह 'आशा', लखनऊ मंडल संरक्षक जितेंद्र सिंह 'बॉबी' और वरिष्ठ पत्रकार आलोक सिंह ने भी संबोधित किया।
- मुख्य अतिथि को भेंट की 'साहित्य साधना' पत्रिका
कार्यक्रम के दौरान कछौना टीम के संरक्षक मंडल से जुड़े डॉ. रामचंद्र वर्मा 'रागी' ने मुख्य अतिथि अतुल कपूर सहित विशिष्ट अतिथियों को अपनी पत्रिका 'साहित्य साधना' की प्रति भेंट की। कार्यक्रम में अतिथियों एवं संरक्षक मंडल के लिए प्रतीक चिह्न एवं मोमेंटो की व्यवस्था में भारतीय करणी सेना के हरदोई जिलाध्यक्ष रमन सिंह तथा अर्चिशा इंटरनेशनल स्कूल की निदेशक डॉली निगम का सहयोग रहा।
- शिवमनिका कॉम्प्लेक्स में तहसील शिविर कार्यालय का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि अतुल कपूर ने कछौना में लखनऊ-हरदोई राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित शिवमनिका कॉम्प्लेक्स में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तहसील शिविर कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यालय शुरू होने से तहसील क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों को और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।
नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि वे पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखते हुए निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता को प्राथमिकता देंगे। सभी ने संगठन को संडीला तहसील क्षेत्र में और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।
- बड़ी संख्या में पत्रकार रहे मौजूद
कार्यक्रम में संडीला कमेटी के संरक्षक मंडल से एस.पी. सिंह, दिनेश दीक्षित, संपादक उमाशंकर बाजपेई, मनोज जायसवाल, वरिष्ठ पत्रकार जनमेजय त्रिपाठी, धनीराम श्रीवास्तव, संपादक हरिश्याम बाजपेई, संपादक कुलदीप श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार राघवेन्द्र त्रिपाठी 'राघव', आदित्य त्रिपाठी, अहिरोरी ब्लॉक अध्यक्ष रमाकांत मिश्रा सहित संडीला और कछौना टीम के सूरज गुप्ता, चंद्रप्रकाश मौर्य, करूणेन्द्र तिवारी, अजय बाजपेई, संजय मिश्रा, अनुराग सिंह, सुधीर शुक्ला, मनीष, अंकित वर्मा 'राजकुमार', रामेंद्र सैनी, नवनीत कुमार, विवेक राठौर, पुनीत पटेल, मेराज अली, अरविंद सिंह, अमन विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
What's Your Reaction?



