Hardoi News: हरदोई में उज्ज्वला लाभार्थियों को बड़ी सौगात, निःशुल्क गैस रिफिल के लिए खातों में पहुंची सब्सिडी
गांधी भवन में हुआ उज्ज्वला रिफिल वितरण समारोह, राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल और डीएम राहुल पाण्डेय रहे मौजूद
हरदोई। गांधी भवन, हरदोई में मंगलवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत निःशुल्क उज्ज्वला रिफिल वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के आबकारी एवं मद्य निषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम को लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम से सीधे जोड़ा गया, जहां से उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में सब्सिडी की धनराशि हस्तांतरित की गई।

इस अवसर पर राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गरीब परिवारों, विशेषकर महिलाओं को रसोई के धुएं से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना शुरू की। योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए, जिससे उन्हें लकड़ी और उपलों के धुएं से होने वाली परेशानियों से राहत मिली है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस रिफिल एवं सब्सिडी का लाभ उपलब्ध करा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी गरीब परिवार स्वच्छ ईंधन के लाभ से वंचित न रहे और माताओं-बहनों को सुरक्षित, स्वस्थ एवं धुआंमुक्त वातावरण मिल सके। राज्यमंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार गरीबों के कल्याण के साथ महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उज्ज्वला योजना गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महत्वपूर्ण योजना साबित हुई है।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि जनपद हरदोई में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत कुल 5,13,867 गैस कनेक्शन हैं, जिनमें से 3,73,135 कनेक्शनों पर सीधे सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेन्द्र कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी दिलीप कुमार, जिला समन्वयक श्याम सुंदर केसरी सहित संबंधित अधिकारी एवं उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं।
What's Your Reaction?

