Hardoi News: हरदोई की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए डीएम सख्त, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सभी विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर समयसीमा में मरम्मत पूरी कराने के निर्देश, गड्ढामुक्त सड़कों का प्रमाण पत्र भी देना होगा
हरदोई। जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, नगर निकायों सहित संबंधित विभागों द्वारा सड़कों की मरम्मत एवं गड्ढामुक्त किए जाने के कार्यों की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्रों की सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर गड्ढों को चिह्नित करें और प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि सड़कों पर गड्ढों के कारण आमजन को आवागमन में परेशानी न हो और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
डीएम ने सभी अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करने तथा बूथ मार्गों की मरम्मत में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी संबंधित विभागों से सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने का प्रमाण पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, अपर जिलाधिकारी राजस्व दीपाली भार्गव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

