हरदोई में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा छापा, संडीला और शाहबाद में 95 किग्रा दूषित मिठाई नष्ट, नमूने भेजे गए लैब
हरदोई में खाद्य सुरक्षा विभाग ने संडीला के राकेश स्वीट्स और शाहबाद में छापेमारी कर 95 किग्रा दूषित मिठाई नष्ट कराई। गुणवत्ता जांच के लिए कई नमूने सील किए गए।
त्योहारी सीजन के दृष्टिगत आम नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) विभाग, हरदोई ने जनपद भर में सघन जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में विभाग की प्रवर्तन टीम ने संडीला एवं शाहबाद क्षेत्रों में दो अलग-अलग औचक निरीक्षण कर मिलावट और अस्वच्छता के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की। दोनों स्थलों से कुल 95 किलोग्राम बासी व दूषित मिठाइयों को तत्काल नष्ट कराया गया तथा प्रयोगशाला परीक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण विधिक नमूने संग्रहित किए गए।
विभागीय कार्रवाई के पहले चरण में 2 नवंबर को संडीला स्थित 'राकेश स्वीट्स' पर औचक छापा मारा गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण और भंडारण स्थल पर स्वच्छता के मानकों में गंभीर खामियां पाई गईं। उपभोग के लिए सर्वथा अनुपयुक्त पाए जाने पर लगभग 40 किलोग्राम खराब व बासी मिठाइयों (अनुमानित मूल्य ₹10,000) को नष्ट कराया गया। मौके से गुणवत्ता और रासायनिक शुद्धता की जांच के लिए खोए (मावा) और दूध के विधिक नमूने लिए गए। प्रतिष्ठान स्वामी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत स्वच्छता और उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के लिए 'इंप्रूवमेंट नोटिस' जारी की जा रही है।
कार्रवाई के दूसरे चरण में 3 नवंबर को शाहबाद स्थित उद्धारनपुर में कीर्ती कुमार (पुत्र श्रीनिवास रावत) के लॉज निर्माण स्थल केंद्र पर छापा मारा गया। जहां भारी मात्रा में तैयार की जा रही मिठाइयों की जांच की गई और मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाई गई 55 किलोग्राम दूषित मिठाई (अनुमानित मूल्य ₹11,000) को तत्काल नष्ट कराया गया। टीम ने यहां से गुणवत्ता परीक्षण के लिए मिल्क स्वीट, डोडा बर्फी, लच्छा बर्फी और स्किम्ड मिल्क पाउडर सहित कुल चार महत्वपूर्ण खाद्य उत्पादों के नमूने सील किए।
सहायक आयुक्त (खाद्य) कुमार गुंजन ने बताया कि संग्रहित किए गए सभी विधिक नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में यदि मिलावट, अधोमानक (सब-स्टैंडर्ड) या असुरक्षित तत्व पाए जाते हैं, तो संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध न्यायालय में सख्त अभियोजन दायर किया जाएगा। उन्होंने सभी खाद्य व्यवसायियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह प्रवर्तन अभियान जनपद में लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?

