हरदोई: प्रोफेसर एसके सिंह की धर्मपत्नी सावित्री सिंह का निधन, मेदांता में ली अंतिम सांस, नम आंखों से हुआ अंतिम संस्कार
सीएसए यूनिवर्सिटी के पूर्व प्राध्यापक प्रोफेसर एसके सिंह की पत्नी सावित्री सिंह का निधन हो गया। हरदोई मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
हरदोई के आवास विकास कॉलोनी निवासी और सीएसए यूनिवर्सिटी कानपुर के प्रोफेसर डॉ. एसके सिंह की धर्मपत्नी सावित्री सिंह का लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका सघन इलाज जारी था। उनके निधन की सूचना मिलते ही जनपद के शिक्षा जगत, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
मूल रूप से सवायजपुर क्षेत्र के ग्राम खिताली और हरियावां के सुमई से जुड़े इस प्रतिष्ठित परिवार के प्रति संवेदना जताने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पार्थिव शरीर को हरदोई लाए जाने के बाद श्रवण देवी मंदिर के निकट स्थित मुक्तिधाम में पूर्ण धार्मिक विधि-विधान और नम आंखों के बीच अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। परिवार के अनुसार आवास विकास स्थित आवास पर गरुड़ पुराण के पाठ का आयोजन शुरू किया गया है, जो आगामी तेरहवीं संस्कार तक चलेगा।
स्वर्गीय सावित्री सिंह धर्मपरायण और मिलनसार व्यक्तित्व की धनी थीं। उन्होंने अपने जीवन के 81 वर्ष पूर्ण किए थे। वे अपने पीछे पति प्रोफेसर डॉ. एसके सिंह, पुत्र डॉ. वीके सिंह, पुत्रवधू डॉ. सुनीता सिंह, पौत्र फॉरेंसिक साइंस अधिकारी देवांश विक्रम, बेटियों आशा सिंह व प्रतिभा सिंह और दामाद जेके सिंह समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।
दुख की इस घड़ी में क्षेत्रीय विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू, सीएसएन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एके सिंह, क्षत्रिय समाज और पतंजलि समिति के प्रतिनिधियों सहित कई गणमान्य नागरिकों ने आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की।
What's Your Reaction?