हरदोई में सरकारी योजनाओं में लापरवाही पर बैंकों को फटकार, डीएम ने दिए ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश
हरदोई में डीएलसीसी बैठक के दौरान डीएम अनुनय झा ने धीमी प्रगति पर बैंकों को कड़ी चेतावनी दी और पात्र लाभार्थियों को समय से ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हरदोई में विकास योजनाओं और सरकारी ऋण वितरण की धीमी रफ्तार पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की समीक्षा में जिलाधिकारी अनुनय झा ने कार्य में शिथिलता बरतने वाले वित्तीय संस्थानों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनकल्याण और आजीविका से जुड़े कार्यक्रमों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा के दौरान शाहाबाद स्थित केनरा बैंक और इंडियन बैंक के अलावा मल्लावां, माधोगंज, भारतीय स्टेट बैंक तथा यूनियन बैंक की शाखाओं का प्रदर्शन मानकों से काफी पीछे पाया गया। तय लक्ष्य के मुकाबले प्रगति बेहद असंतोषजनक मिलने पर संबंधित शाखा प्रबंधकों से जवाब-तलब करते हुए कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने को कहा गया। बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि ऋण से जुड़ी फाइलों को बिना किसी ठोस कारण के अटकाकर न रखा जाए और लंबित मामलों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

कृषि, सूक्ष्म व मध्यम उद्योग और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए सभी विभागों एवं वित्तीय संस्थानों को आपसी तालमेल मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने निर्देश दिया कि योजनाओं के तहत निर्धारित सौ प्रतिशत लक्ष्य हासिल किए जाएं, ताकि जरूरतमंदों को अपनी आजीविका शुरू करने में किसी भी प्रकार की अड़चनों का सामना न करना पड़े। बैठक में ऋण और जमा अनुपात, बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों की स्थिति और केंद्रीय व प्रांतीय योजनाओं की प्रगति पर बिंदुवार मंथन किया गया। अग्रणी जिला प्रबंधक सहित सभी प्रमुख बैंकों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी इस दौरान उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?