हरदोई में वृहद विधिक सेवा एवं सहायता शिविर आयोजित: जरूरतमंदों को मिला योजनाओं का लाभ, दी गई कानूनी मदद
हरदोई में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मेगा सहायता शिविर का आयोजन हुआ। पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा गया और निःशुल्क कानूनी मार्गदर्शन दिया गया।
जनपद में पात्र व्यक्तियों तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और आम नागरिकों को सरल व सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया गया।

बाबू श्रीश चन्द्र अग्रवाल बारात घर में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष रीता कौशिक, जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने फीता काटकर किया।

शिविर के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से जनहितैषी योजनाओं से जुड़े स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से उपस्थित नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जनपद न्यायाधीश रीता कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजनों की मुख्य प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि शासन की जनकल्याणकारी नीतियों का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति और जरूरतमंद परिवारों तक बिना किसी रुकावट के पहुंचे।

सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव स्मिता गोस्वामी ने बताया कि शिविर के माध्यम से नागरिकों को निःशुल्क विधिक परामर्श, लोक अदालत के लाभ और आवश्यक प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को मंच से लाभान्वित भी किया गया। इस अवसर पर न्यायिक सेवा से जुड़े अधिकारियों के साथ प्रशासनिक व पुलिस विभाग के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

