हरदोई में विधिक सेवा शिविर का आयोजन: बेसिक शिक्षा विभाग के नवाचारों की सराहना, उत्कृष्ट शिक्षक और बच्चे सम्मानित
हरदोई में आयोजित वृहद विधिक जागरूकता शिविर में बेसिक शिक्षा विभाग का टीएलएम स्टॉल आकर्षण का केंद्र बना। उत्कृष्ट शिक्षकों और प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में नगर के श्रीश चंद्र बारात घर में एक वृहद विधिक जागरूकता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट तथा अन्य न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय ककराली खेड़ा (बावन) के विद्यार्थियों ने सरस्वती वन्दना प्रस्तुत की, जबकि परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा तैयार की गई आकर्षक रंगोली पूरे परिसर में आकर्षण का केंद्र बनी रही।

शिविर परिसर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्र के निर्देशन में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा एक विशेष स्टॉल लगाया गया था। इस स्टॉल पर शिक्षकों द्वारा निर्मित आधुनिक शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) का प्रदर्शन किया गया।

योगेंद्र सिंह, पूर्णिमा सिंह, हरिहर नारायण, स्नेह सिंह, आकांक्षा वर्मा, पल्लवी, आकांक्षा सिंह और श्रुति सहित अन्य शिक्षकों ने विभिन्न शैक्षणिक मॉडलों का प्रस्तुतीकरण किया। जनपद न्यायाधीश सहित उपस्थित न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारियों ने स्टॉल का गहन मुआयना किया और शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए नवाचारों की सराहना की।

समारोह में शिक्षा, कला, खेलकूद और जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और मेधावी बच्चों को मंच से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले शिक्षकों में राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त संविलयन विद्यालय मंसूर नगर (पिहानी) की विजया अवस्थी, पर्यावरण संरक्षण के लिए पुरस्कृत संविलयन विद्यालय बेरेमऊ (संडीला) की अनुपम सिंह, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कछौना की वार्डन पूनम अवस्थी, प्राथमिक विद्यालय सनफरा (साण्डी) के रमेश कुमार और उच्च प्राथमिक विद्यालय सहुंतेरा (सुरसा) की सीमा कुमारी शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त उच्च प्राथमिक विद्यालय मुजाहिदपुर के नीतीश शर्मा, केजीबीवी कछौना की शिवांशी व आस्था पाल तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय बहर की अर्पिता तिवारी को उनकी प्रतिभा के लिए सम्मानित किया गया।

जनपद न्यायाधीश ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की प्रगति और सशक्तिकरण के लिए शिक्षा के साथ-साथ कानूनी अधिकारों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से विधिक जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने और आम नागरिकों को सुलभ न्याय दिलाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। आयोजन व्यवस्था में खंड शिक्षा अधिकारी डी. एल. राणा, जिला समन्वयक दिलीप कुमार शुक्ल, बृज भूषण मिश्र, आशीष कुमार मिश्र, नीलेश सिंह और पंकज वर्मा सहित कई शिक्षकों व समन्वयकों की भागीदारी रही, जबकि मंच संचालन मनीष मिश्र व श्वेता सिंह ने किया।
What's Your Reaction?

