हरदोई में शाहबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन शातिर चोर गिरफ्तार, चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
उत्तर प्रदेश के हरदोई में शाहबाद पुलिस ने चोरी की चार मोटरसाइकिलों के साथ तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर कई मामले दर्ज हैं।
हरदोई जिले में अपराधों पर लगाम लगाने और वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा करने के लिए पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। शाहबाद थाना पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को धर दबोचा है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें और विभिन्न वाहन कलपुर्जे भी बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहबाद थाने में वाहन चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज किए गए थे। पुलिस टीम ने छानबीन और सुरागकशी के आधार पर संदिग्धों की धरपकड़ शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों की पहचान नावेज पुत्र मोहम्मद अहमद निवासी गढ़ी खुर्द कस्बा व थाना शाहबाद, सोनू पुत्र सुरेश कश्यप निवासी गढ़ी खुर्द थाना शाहबाद और रामशरन पुत्र रामप्रसाद निवासी मोहल्ला चौक चौकिया थाना जलालाबाद जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि इन आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। मुख्य आरोपी नावेज और रामशरन के खिलाफ हरदोई और शाहजहांपुर के विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट और अन्य संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे चुराए गए वाहनों को कहां खपाते थे और इस अवैध धंधे में उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सभी आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश कर दिया है।
What's Your Reaction?