Hardoi: जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण में छात्रावासों की खुली पोल, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
जिलाधिकारी अनुनय झा ने बावन रोड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान
Hardoi: जिलाधिकारी अनुनय झा ने बावन रोड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजकीय पॉलिटेक्निक के छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां उन्होंने छात्रों से बातचीत कर भोजन, साफ-सफाई, शौचालय, बिजली, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। छात्रावास में व्यवस्थाएं संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने छात्रावास की रसोई/किचन का निरीक्षण किया, जहां साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब एवं गंदगी पाई गई। इस पर उन्होंने वार्डन अतुल श्रीवास्तव को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानाचार्य कविता त्रिपाठी को छात्रावास की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुये कहा कि व्यवस्थाओं मे सुधार न होने पर अनुशासनिक कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने छात्रों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की और उसकी गुणवत्ता परखी। उन्होंने निर्देश दिए कि छात्रों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन ही उपलब्ध कराया जाए तथा रसोई में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण मे प्रकाश व्यवस्था में कमी पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य को तत्काल बल्ब एवं लाइट की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। बिजली के खुले तारों को तत्काल ठीक कराने, खिड़कियों मे जाली लगवाने तथा दरवाजों को व्यवस्थित कराये जाने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिये। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को उपलब्ध कराने मे कोई भी लापरवाही न की जाये। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि छात्रावास मे मूलभूत सुविधाओं के दुरस्तीकरण तथा अन्य आवश्यक कार्य कराये जाने हेतु प्रस्ताव शासन को भेजा जाये।
इसके बाद जिलाधिकारी ने उसी परिसर में स्थित पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर भोजन, साफ-सफाई, शौचालय, बिजली, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रावास की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। जिलाधिकारी ने छात्रावास के शौचालय एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। शौचालय की साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक मिली। जिलाधिकारी ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले छात्रों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी छात्रावासों में साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण भोजन, विद्युत, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण में मिली कमियों को तत्काल दूर कराया जाए तथा भविष्य में ऐसी लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मयंक कंुडू, जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विनीत कुमार तिवारी सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
जिलाधिकारी ने जी0आई0सी परिसर मे स्थित राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास बालक का किया आकस्मिक निरीक्षण
इसके बाद जिलाधिकारी ने जी0आई0सी0 परिसर मे स्थित राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास बालक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास की साफ-सफाई, पेयजल आदि की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास के सफाई कर्मचारी को सफाई व्यवस्था मे लापरवाही बरतने पर कड़ी फटकार लगाते हुये सुधार के निर्देश दिये। निरीक्षण के उपरान्त उन्होंने छात्रावास के बच्चों से बातचीत की तथा छात्रों से साफ-सफाई के लिये प्रेरित किया।
उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रों से वार्ता कर छात्रावास मे कोपरेटिव मेस संचालित कराने हेतु कार्य योजना प्रस्तुत की जाये, जिससे छात्रों को शुद्ध और पौष्टिक भोजन मिल सके। उन्होंने छात्रों से वार्ता कर पूर्ण मनोयोग से अध्ययन करने हेतु प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी समस्या होने पर तत्काल अवगत कराये। समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने हेतु आश्वस्त किया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मयंक कुंडू जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
What's Your Reaction?







