Hardoi: उर्वरक बिक्री केंद्रों पर कैमरे लगे, खाद वितरण में पारदर्शिता बढ़ाने की पहल
किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा उर्वरक बिक्री केंद्रों की गतिविधियों
हरदोई। किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा उर्वरक बिक्री केंद्रों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के उद्देश्य से जिलाधिकारी हरदोई अनुनय झा के निर्देश पर जनपद की समस्त सहकारी समितियों एवं उर्वरक वितरण केंद्रों पर कैमरा स्थापना की कार्यवाही पूर्ण कराई गई है।
जनपद के विभिन्न विकास खण्डों में संचालित बी-पैक्स, सहकारी संघ एवं पी०सी०एफ० कृषक सेवा केंद्रों सहित कुल 57 उर्वरक बिक्री केंद्रों पर कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं। इनमें कछौना, कोथावां, टड़ियावां, टोडरपुर, पिहानी, बावन, बेहन्दर, भरावन, मल्लावां, माधौगंज, शाहाबाद, संडीला, सांडी, सुरसा, हरपालपुर एवं हरियावां आदि विकास खण्डों के केंद्र शामिल हैं।
कैमरा स्थापना से उर्वरक बिक्री केंद्रों पर खाद के वितरण, किसानों की उपस्थिति तथा अन्य गतिविधियों की प्रभावी निगरानी एवं अनुश्रवण किया जा सकेगा। इससे उर्वरक वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने, अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा किसानों को सुगमतापूर्वक निर्धारित मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थापित कैमरों की नियमित रूप से जांच कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए तथा उर्वरक वितरण व्यवस्था का सतत अनुश्रवण किया जाए। किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन की यह पहल किसानों के हितों की रक्षा करते हुए उर्वरक वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
What's Your Reaction?







