Hardoi: हरदोई में सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, पक्का निर्माण कराने की शिकायत
सदर तहसील क्षेत्र के अहिरोरी गांव में सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कराने का मामला सामने आया
हरदोई सदर तहसील क्षेत्र के अहिरोरी गांव में सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कराने का मामला सामने आया है। राजस्व अभिलेखों में दर्ज सरकारी संपत्ति पर निर्माण सामग्री डालकर कब्जा किए जाने को लेकर पीड़ित पक्ष ने उप जिलाधिकारी सदर को प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
अहिरोरी परगना गोपामऊ निवासी पीड़ित विभव सिंह ने उप जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि गांव में स्थित गाटा संख्या 4678 ख राजस्व अभिलेखों में बंजर भूमि के रूप में दर्ज है। इस सरकारी भूमि पर गांव के ही राजीव सिंह जबरन और अवैध तरीके से पक्का निर्माण कराने का प्रयास कर रहे हैं।
शिकायत के अनुसार निर्माण कार्य के लिए मौके पर मौरंग और ईंटें गिरा दी गई हैं, जिससे आसपास के लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी भूमि पर कब्जा होने से ग्राम समाज और सरकारी संपत्ति को सीधा नुकसान पहुंच रहा है।
पीड़ित ने राजस्व खतौनी की प्रति संलग्न करते हुए तहसील प्रशासन से इस पूरे मामले की स्थलीय जांच कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने उप जिलाधिकारी से सरकारी जमीन को तुरंत अवैध कब्जे से मुक्त कराने और दोषी पक्ष के खिलाफ विधिक कदम उठाने की गुहार लगाई है।
What's Your Reaction?







