Hardoi News: हरदोई में फाइलेरिया पर वार, रीता-नितिन ने परिवार सहित खाई दवा; 1.98 लाख लोग अभियान से जुड़े

जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान में जागरूक नागरिकों की

By INA News Desk
Nov 24, 2026 - 21:15
20 Views
Hardoi News: हरदोई में फाइलेरिया पर वार, रीता-नितिन ने परिवार सहित खाई दवा; 1.98 लाख लोग अभियान से जुड़े
Advertisement
Advertisement
हरदोई। जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान में जागरूक नागरिकों की भागीदारी देखने को मिल रही है। कैथीपुरवा गांव की 38 वर्षीय रीता वर्मा और 42 वर्षीय नितिन कुमार ने अभियान के पहले ही दिन फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर दूसरों के सामने मिसाल पेश की। दोनों अब अपने अनुभव साझा कर आसपास के लोगों को भी दवा खाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
कैथीपुरवा निवासी रीता वर्मा ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष भी फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया था। उन्हें दवा खाने के बाद किसी तरह की परेशानी नहीं हुई और वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस बार भी उन्होंने अभियान शुरू होते ही पहले दिन दवा खाई। अब वह गांव की अन्य महिलाओं को अपने अनुभव बताकर दवा सेवन के प्रति जागरूक कर रही हैं।

इसी गांव के 42 वर्षीय नितिन कुमार ने भी आशा कार्यकर्ता सुनीता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूजा वर्मा की मौजूदगी में पहले दिन दवा का सेवन किया। नितिन ने बताया कि अभियान की जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने 16 वर्षीय बेटे अभिजीत को भी मुख्यालय से घर बुला लिया, जहां पूरे परिवार ने फाइलेरिया से बचाव की दवा खाई।
उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ता ने पहले घर पर मार्किंग की और परिवार के सदस्यों की जानकारी लेने के साथ उनकी लंबाई मापी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दवा का सेवन कराया। नितिन के अनुसार, दवा खाने के बाद उन्हें या उनके परिवार के किसी सदस्य को कोई परेशानी नहीं हुई।
अब नितिन खेतों में काम करने के दौरान अपने साथियों, चौराहों और दुकानों के आसपास मिलने वाले लोगों को भी फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा खाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब हम खुद दवा खाकर सुरक्षित रह सकते हैं तो दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।
जिला मलेरिया अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि सात दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत अहिरोरी, साण्डी, बिलग्राम और कोथावां ब्लॉकों में अब तक 1.98 लाख लोग फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर चुके हैं। रीता और नितिन जैसे जागरूक नागरिकों की पहल से अन्य लोग भी अभियान में भागीदारी के लिए आगे आ रहे हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद सचान ने जागरूक नागरिकों की सराहना करते हुए कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। यदि एक भी व्यक्ति दवा सेवन से छूटता है तो संक्रमण का चक्र नहीं टूट पाएगा। इसलिए अपने परिवार और क्षेत्र को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए पात्र लोगों को स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन अवश्य करना चाहिए।
आंकड़ों में फाइलेरिया
(एमडीए अभियान के अंतर्गत आने वाले चार ब्लॉकों की स्थिति)
680 मरीज हाथीपांव से प्रभावित।
94 मरीज हाइड्रोसील से पीड़ित।
हाथीपांव के सभी 680 मरीजों को रोग प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement