UP Government; कानपुर देहात में 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह, डिप्टी सीएम केशव मौर्य बोले- बेटियों का सम्मान सरकार का संकल्प

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को कानपुर देहात के मूसानगर स्थित अखण्ड परमधाम आश्रम

By INA News Desk
Nov 24, 2026 - 21:30
7 Views
UP Government; कानपुर देहात में 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह, डिप्टी सीएम केशव मौर्य बोले- बेटियों का सम्मान सरकार का संकल्प
Advertisement
Advertisement

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को कानपुर देहात के मूसानगर स्थित अखण्ड परमधाम आश्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति जी द्वारा ब्रह्मलीन पूज्य स्वामी अच्चिदानंद शास्त्री जी महाराज के 34वें निर्वाण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 34वें भक्ति योग वेदान्त संत सम्मेलन, श्रीमद्भागवत कथा, शतचण्डी महायज्ञ एवं सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने 51 नवविवाहित जोड़ों को सुखद एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति में प्रभु की आराधना से लेकर बेटियों के जीवन को संवारने तक, हर कार्य में लोकमंगल का भाव निहित है। सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता और परस्पर सहयोग की हमारी महान परंपरा को आगे बढ़ाते हैं। यह केवल विवाह का आयोजन नहीं, बल्कि समाज के सामूहिक उत्तरदायित्व और जरूरतमंद परिवारों की खुशियों में सहभागी बनने का एक पुनीत प्रयास है। आज 51 जोड़े अपने नए जीवन की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि सभी नवदंपतियों का जीवन प्रेम, विश्वास, सुख, समृद्धि और खुशियों से परिपूर्ण रहे।

श्री मौर्य ने साध्वी निरंजन ज्योति जी के सामाजिक एवं धार्मिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विधायक, सांसद, केंद्र सरकार में मंत्री और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष के रूप में विभिन्न दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा प्राप्त हुआ, जिससे पिछड़े वर्गों के अधिकारों और हितों की रक्षा को नई मजबूती मिली। उन्होंने साध्वी निरंजन ज्योति जी को इस भव्य एवं सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि आश्रम के माध्यम से धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक सेवा के कार्यों को जिस समर्पण से आगे बढ़ाया जा रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस आश्रम से उनका आत्मीय संबंध है और यहां आयोजित होने वाले ऐसे पुनीत अनुष्ठानों में वे अपनी उपस्थिति को सेवा और श्रद्धा का अवसर मानते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार गरीबों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए निरंतर काम कर रही है। पहले गरीब परिवारों के सामने बेटी की पढ़ाई और विवाह सबसे बड़ी चिंताओं में शामिल होते थे। आर्थिक अभाव के कारण माता-पिता को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज सरकार गरीब परिवारों की इस चिंता को समझते हुए उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराने में सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा इस योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा 1.01 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान किया गया है। यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान और बेटियों के सुखद भविष्य के प्रति सरकार की संवेदनशीलता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि मोदी-योगी सरकार ने गरीबों को केवल योजनाओं का लाभ ही नहीं दिया, बल्कि उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास का नया वातावरण तैयार किया है। गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के मकान, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय, हर घर नल से जल योजना के माध्यम से स्वच्छ पेयजल, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा तथा सौभाग्य योजना के माध्यम से घरों में बिजली पहुंचाने का काम किया गया है। अब गरीब और अमीर के घरों के बीच सुविधाओं की खाई को समाप्त करने की दिशा में प्रभावी कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि ये परिवर्तन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता और जनता के आशीर्वाद का परिणाम हैं।

श्री मौर्य ने कहा कि जब गरीब, पिछड़े, वंचित और कमजोर वर्ग के परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है, उनके बच्चों को शिक्षा के अवसर मिलते हैं और बेटियों को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलता है, तभी वास्तविक सामाजिक न्याय स्थापित होता है। सरकार का लक्ष्य है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे। गरीब परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक जीवन देना ही डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया है और उसी विश्वास के बल पर गरीब कल्याण की योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।  उन्होंने कहा कि आज  उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित है। माताएं-बहनें सुरक्षित हैं, बेटियां निर्भय होकर शिक्षा प्राप्त कर रही हैं और प्रदेश विकास तथा सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करने में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभाएगा। हमारा लक्ष्य विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित कानपुर देहात का निर्माण करना है। जब तक गरीब परिवारों के जीवन में खुशहाली नहीं आएगी, युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर नहीं मिलेंगे और प्रत्येक बेटी सम्मान एवं सुरक्षा के साथ अपने सपनों को पूरा नहीं कर सकेगी, तब तक विकास का हमारा संकल्प अधूरा रहेगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

उप मुख्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने जीवन की नई पारी की शुरुआत आपसी विश्वास, प्रेम, सम्मान और पारिवारिक संस्कारों के साथ करें। एक-दूसरे के सुख-दुःख में सहभागी बनें और अपने परिवार को संस्कार, शिक्षा तथा सद्भाव का केंद्र बनाएं। उन्होंने नवदंपतियों को आश्वस्त किया कि आवश्यकता पड़ने पर वे साध्वी निरंजन ज्योति जी के माध्यम से अथवा लखनऊ आकर अपनी बात रख सकते हैं। उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ नागरिक उनके अपने परिवार के सदस्य हैं और उनकी सेवा करना सरकार का दायित्व है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान , विधायक ब्रजभूषण राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान , आयोजन संयोजक राजेंद्र , पूज्य संतगण, आश्रम के सेवादार, जनप्रतिनिधिगण, 
 एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Also Read : UP Assembly Election 2027 Alliance: यूपी चुनाव से पहले गठबंधन पर सपा नेता यामीन खान का बड़ा दावा, बोले- जल्द होगा ऐलान, अखिलेश ही होंगे सीएम चेहरा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement