Hardoi Illegal Mining: हरदोई में अवैध मिट्टी खनन पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर किए सीज
Hardoi Illegal Mining Case: हरदोई के पाली थाना क्षेत्र के केवलपुर गांव में मिट्टी के अवैध खनन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया।
हरदोई में मिट्टी के अवैध खनन पर पुलिस का छापा, चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर किया सीज
रिपोर्ट : अभिषेक त्रिवेदी
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में अवैध खनन माफियाओं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। पाली थाना पुलिस ने क्षेत्र के केवलपुर गांव में बड़े पैमाने पर चल रहे मिट्टी के अवैध खनन की गुप्त सूचना मिलने पर तत्काल छापेमारी की। इस औचक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से मिट्टी से लदी और खनन कार्य में इस्तेमाल हो रही चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस प्रशासन को केवलपुर गांव में बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के मिट्टी की अवैध खुदाई किए जाने की पक्की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने बिना वक्त गंवाए बताए गए स्थान पर दबिश दी। छापेमारी के समय मौके पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में भारी मात्रा में मिट्टी भरी हुई पाई गई, जबकि दो अन्य गाड़ियां वहां मिट्टी लादने के इंतजार में खड़ी थीं। इसके साथ ही मिट्टी की खुदाई और लोडिंग के काम में लगा एक अन्य करहा युक्त ट्रैक्टर भी वहां चालू हालत में मिला।
जब पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की, तो सामने आया कि केवलपुर का रहने वाला रघुनंदन अपने घर के सामने भराव कराने के लिए अपने निजी खेत से बिना किसी कागजी अनुमति के यह खुदाई करवा रहा था। मौके पर मौजूद जिम्मेदार व्यक्ति खनन विभाग द्वारा जारी किया जाने वाला कोई भी वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र पेश नहीं कर सके।
अवैध खनन का मामला साफ होने पर थाना पुलिस ने तुरंत इसकी जानकारी जिला खनन अधिकारी शिवदयाल सिंह को दी, जिसके बाद वे भी दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने चारों वाहनों (यूपी 30 एस 3080, यूपी 30 एयू 0348, यूपी 30 डब्ल्यू 8879 और यूपी 82 एएफ 0538) को जब्त कर लिया और उन्हें पाली थाने लाकर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज करने की कार्रवाई की। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट खनन विभाग को सौंप दी गई है और नियमों के तहत आगे की दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
You May Click : Mussoorie Mall Road Road Rage: मसूरी में पर्यटक ने महिला पर प्लास्टिक क्रेट से किया हमला, वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी गिरफ्तार
What's Your Reaction?




