Hardoi Freedom Fighter: जयपुर के बाद कोलकाता और लॉस एंजेलिस तक पहुंची हरदोई के क्रांतिकारी जयदेव कपूर की गाथा

“जयदेव कपूर – ए हिडन फ्रीडम फाइटर” का इंटरनेशनल टैगोर फिल्म अवॉर्ड्स 2026 में आधिकारिक चयन, न्यूवेव एआई फिल्म फेस्टिवल में भी शामिल हुआ वीडियो एल्बम

By INA News Desk
Sep 17, 2026 - 18:50
7 Views
Hardoi Freedom Fighter: जयपुर के बाद कोलकाता और लॉस एंजेलिस तक पहुंची हरदोई के क्रांतिकारी जयदेव कपूर की गाथा

हरदोई। हरदोई की माटी के महान क्रांतिकारी एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जयदेव कपूर के जीवन, संघर्ष, साहस और राष्ट्रभक्ति पर आधारित वीडियो एल्बम “जयदेव कपूर – ए हिडन फ्रीडम फाइटर” ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक के बाद एक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। जयपुर फिल्म महोत्सव के बाद अब यह वीडियो एल्बम कोलकाता के इंटरनेशनल टैगोर फिल्म अवॉर्ड्स 2026 के लिए आधिकारिक रूप से चयनित हुआ है। इसके साथ ही एल्बम को अमेरिका के लॉस एंजेलिस में आयोजित न्यूवेव एआई फिल्म फेस्टिवल 2026 में भी शामिल किया गया है। वीडियो एल्बम के निर्माता जी म्यूजिक हरदोई के निदेशक गौरव रमेश अग्रवाल ने बताया कि इंटरनेशनल टैगोर फिल्म अवॉर्ड्स की स्क्रीनिंग समिति द्वारा मूल्यांकन के बाद “जयदेव कपूर – ए हिडन फ्रीडम फाइटर” को वर्ष 2026 के आधिकारिक चयन में स्थान दिया गया है। जारी प्रमाणपत्र के अनुसार फिल्म को अक्टूबर 2026 में कोलकाता में आयोजित होने वाले 5वें इंटरनेशनल टैगोर फिल्म अवॉर्ड्स के लिए चयनित किया गया है।

वहीं, अमेरिका के लॉस एंजेलिस में आयोजित न्यूवेव एआई फिल्म फेस्टिवल 2026 के पोस्टर में हॉलीवुड एवं टेक इंडस्ट्री पैनल, एआई फिल्म निर्माण तथा टॉप-10 एआई फिल्मों की स्क्रीनिंग सहित विभिन्न कार्यक्रमों का उल्लेख किया गया है। इस अंतरराष्ट्रीय मंच से हरदोई की ऐतिहासिक गाथा पर आधारित वीडियो एल्बम का जुड़ना स्थानीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास

वीडियो एल्बम में संगीत दे रहे संकेत तिवारी ने बताया कि “जयदेव कपूर – ए हिडन फ्रीडम फाइटर” के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जयदेव कपूर के साहस, संघर्ष, देशप्रेम और राष्ट्र के प्रति समर्पण को गीत, संगीत और दृश्य प्रस्तुति के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। एल्बम के गायक अमन सिंह ने बताया कि जी म्यूजिक हरदोई और रेडियो जागो 90.4 एफएम की ओर से “जयदेव कपूर एक योद्धा” नाम से ऑनलाइन गायन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा रहा है। इसमें कोई भी गायक निशुल्क प्रतिभाग कर सकता है। प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 9236972408 पर संपर्क किया जा सकता है।

अभिलेखों के जरिए सामने आ रही क्रांतिकारी की अनसुनी कहानी

रेडियो जागो 90.4 एफएम की अभिरक्षा में उपलब्ध जयदेव कपूर के लिखित अभिलेखों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम में भगत सिंह और उनके साथी क्रांतिकारियों के योगदान से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों एवं नई खोज को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। “जयदेव कपूर की जुबानी उनकी कहानी” के माध्यम से आजादी के संघर्ष से जुड़े उन अनसुने और वास्तविक प्रसंगों को प्रसारित किया जा रहा है, जो नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण ऐतिहासिक जानकारी का स्रोत बन सकते हैं। इस पूरे प्रयास का नेतृत्व वरिष्ठ अधिवक्ता अभय शंकर गौड़ कर रहे हैं। उनके प्रयासों से जयदेव कपूर के जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से जुड़े अभिलेखों को व्यापक स्तर पर सामने लाने तथा इसी ऐतिहासिक सामग्री पर आधारित वीडियो एल्बम के निर्माण की दिशा में कार्य किया गया।

19 सितंबर को होगा वीडियो एल्बम का विमोचन

वीडियो एल्बम “जयदेव कपूर – ए हिडन फ्रीडम फाइटर” का विमोचन स्वर्गीय जयदेव कपूर के शहीद दिवस 19 सितंबर को रेडियो जागो 90.4 एफएम के स्टूडियो में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। जी म्यूजिक हरदोई के निर्माता गौरव रमेश अग्रवाल ने लोगों से अपील की है कि वे 19 सितंबर को प्रातः 10 बजे रेडियो जागो 90.4 एफएम के स्टूडियो पहुंचकर पुष्पांजलि कार्यक्रम में शामिल हों और महान क्रांतिकारी जयदेव कपूर को अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित करें।

जयपुर से शुरू हुई इस वीडियो एल्बम की यात्रा अब कोलकाता और लॉस एंजेलिस तक पहुंच चुकी है। इसके माध्यम से हरदोई के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और क्रांतिकारी जयदेव कपूर की गाथा को देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Also Read- Chhatrapati Sambhaji Nagar: iPhone की किस्त को लेकर हुए विवाद में 18 साल के युवक सहित 3 की मौत, इलाके में सनसनी

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow