हरदोई-कन्नौज मार्ग पर तीन दिन ट्रैफिक डायवर्जन: एनएच-731 पर गर्डर लॉन्चिंग का काम, देखें वैकल्पिक रूट

हरदोई-कन्नौज मार्ग पर एनएच-731 के गर्डर लॉन्चिंग कार्य के चलते ट्रैफिक डायवर्जन लागू। भारी और हल्के वाहनों के लिए पुलिस ने जारी किए वैकल्पिक मार्ग।

By INA News Desk
Oct 9, 2026 - 21:29
6 Views
हरदोई-कन्नौज मार्ग पर तीन दिन ट्रैफिक डायवर्जन: एनएच-731 पर गर्डर लॉन्चिंग का काम, देखें वैकल्पिक रूट

राष्ट्रीय राजमार्ग 731 पैकेज-2बी के निर्माण कार्य के अंतर्गत हरदोई-कन्नौज मार्ग (एनएच-330डी) पर भारी गर्डर लॉन्चिंग का काम शुरू होने जा रहा है। इसके चलते प्रशासन और यातायात पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तीन दिनों के लिए व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक गर्डर चढ़ाने का यह कार्य किया जाएगा। इस दौरान भारी क्रेन, लॉन्चिंग उपकरण और अन्य भारी मशीनरी के संचालन के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा, जिसे देखते हुए वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।

यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित नई व्यवस्था के अनुसार, हरदोई शहर से बिलग्राम की ओर जाने वाले सामान्य वाहन साण्डी चुंगी से होते हुए साण्डी रोड, फिर साण्डी कस्बा होकर बिलग्राम पहुंचेंगे। इसी प्रकार बिलग्राम की ओर से हरदोई आने वाले वाहनों को भी इसी साण्डी मार्ग से होकर गुजरना होगा।

वहीं हरदोई शहर के लखनऊ चुंगी की ओर से बिलग्राम और कन्नौज की तरफ जाने वाले भारी वाहनों का मार्ग पूरी तरह बदला गया है। ये भारी वाहन लखनऊ चुंगी से लखनऊ रोड होते हुए बघौली चौराहा, माधौगंज और फिर बिलग्राम के रास्ते आगे बढ़ेंगे। इसी क्रम में कन्नौज अथवा बिलग्राम से हरदोई की तरफ आने वाले भारी वाहनों को कन्नौज बाईपास, बिलग्राम चौराहा या तेरवा कुल्ली से होते हुए माधौगंज, बघौली चौराहा और लखनऊ रोड के रास्ते हरदोई शहर में प्रवेश दिया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा और जाम से बचने के लिए केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें। राजमार्ग पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों और मार्ग पर लगाए गए चेतावनी संकेतकों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण कार्य सुगम व सुरक्षित ढंग से पूरा हो सके।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow