Hardoi: कांवड़ यात्रा को लेकर हरदोई में भारी वाहनों का डायवर्जन लागू, 25 अगस्त तक रहेगी व्यवस्था

श्रावण मास में कांवड़ यात्रा, प्रमुख धार्मिक आयोजनों और मेलों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरदोई जनपद में यातायात

Aug 22, 2026 - 14:35
7 Views
Hardoi: कांवड़ यात्रा को लेकर हरदोई में भारी वाहनों का डायवर्जन लागू, 25 अगस्त तक रहेगी व्यवस्था

हरदोई। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा, प्रमुख धार्मिक आयोजनों और मेलों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरदोई जनपद में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के आवागमन पर विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था आगामी 22 अगस्त की रात 6 बजे से 25 अगस्त की रात 11 बजे तक अथवा भीड़ समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि में 24 अगस्त को अंतिम सोमवार भी है।

इन मार्गों से जाएंगे भारी वाहन

कानपुर और कन्नौज से मेहंदीघाट, बिलग्राम, मल्लावां/हरदोई होते हुए सीतापुर और लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को कन्नौज-बक्शीपुरवा से बिल्हौर होते हुए बांगरमऊ कट (किमी-238) से आगरा एक्सप्रेस-वे के रास्ते गंतव्य तक जाने के निर्देश दिए गए हैं। सीतापुर से हरदोई होते हुए उन्नाव, कन्नौज और कानपुर जाने वाले भारी वाहन हरदोई बाईपास और एनएच-24 के रास्ते लखनऊ होकर आगरा एक्सप्रेस-वे का इस्तेमाल करेंगे।

लखनऊ से हरदोई होकर उन्नाव, कन्नौज और कानपुर जाने वाले भारी वाहनों को आगरा एक्सप्रेस-वे और एनएच-27 का उपयोग करना होगा। वहीं लखनऊ से हरदोई होकर शाहजहांपुर और बरेली जाने वाले भारी वाहन एनएच-24, आगरा एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे के माध्यम से अपने गंतव्य तक जाएंगे।

इन मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित

हरदोई पुलिस के अनुसार बांगरमऊ (उन्नाव) से मल्लावां-हरदोई मार्ग, सीतापुर से उन्नाव की ओर आने-जाने वाले मार्ग, कन्नौज से मेहंदीघाट होकर बिलग्राम-मल्लावां/हरदोई मार्ग तथा अल्हागंज-सवायजपुर मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अलावा जनपद के भीतर मेहंदीघाट से मल्लावां/बिलग्राम, बिलग्राम चुंगी से बिलग्राम नगर, उन्नाव सीमा से मल्लावां, मल्लावां-माधौगंज-बिलग्राम-सांडी, प्रतापनगर चौराहा से बघौली एवं माधौगंज, नेमिषरण पुल से हरदोई, आशू तिराहा संडीला से मल्लावां, जहानीखेड़ा चौकी से पिहानी-हरदोई, शाहाबाद-संडीला, रूपापुर से पाली-शाहाबाद-पिहानी मार्गों पर भी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

गंगा एक्सप्रेस-वे पर मल्लावां, बिलग्राम और रूपापुर कट से भारी वाहनों का उतरना भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

27 अगस्त से फिर लागू होगा डायवर्जन

पुलिस के अनुसार 14 से 18 अगस्त तक लागू किया गया पूर्व निर्धारित डायवर्जन चरण पूरा हो चुका है। इसके बाद 27 अगस्त की सुबह 8 बजे से 28 अगस्त की रात 11 बजे तक अथवा भीड़ समाप्त होने तक श्रावण पूर्णिमा स्नान एवं मेला समापन के मद्देनजर डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।

वाहन चालकों से पुलिस की अपील

हरदोई पुलिस ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। भारी वाहन चालक निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें और यातायात एवं स्थानीय पुलिस के निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने लोगों से यात्रा शुरू करने से पहले अपने मार्ग और यातायात व्यवस्था की जानकारी लेने की भी अपील की है, ताकि अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके।

Also Read- 'सपा ने P का मतलब पिछड़ा से पंडित किया', मायावती का बड़ा आरोप, अखिलेश यादव की राजनीति को बताया छलावा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow