Hardoi News: हरदोई में मिशन शक्ति का एक्शन: बालिकाओं को गुड टच-बैड टच की सीख, महिलाओं को सुरक्षा और साइबर फ्रॉड से बचाव के प्रति किया जागरूक
जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 22 अक्टूबर 2026 को मिशन शक्ति अभियान
हरदोई। जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 22 अक्टूबर 2026 को मिशन शक्ति अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी उपायों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, साइबर अपराधों से बचाव और पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

थाना बिलग्राम क्षेत्र में महिला आरक्षी दीक्षा एवं महिला आरक्षी लक्ष्मी ने मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान वृद्धावस्था पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
वहीं, थाना हरपालपुर क्षेत्र में उपनिरीक्षक अंजना सचान, महिला आरक्षी आशा एवं आरक्षी अंकुल ने जूनियर विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच के बारे में समझाते हुए सुरक्षित रहने और किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में विश्वसनीय व्यक्ति अथवा पुलिस से सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।

पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला हेल्पलाइन 1090 व 181, बाल सहायता हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 सहित अन्य उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इसके साथ ही ऑनलाइन ठगी से बचने, व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने और साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इन जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी सहायता व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक बनाना तथा सुरक्षित वातावरण के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
Also Read- UP Politics: अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- 'कुछ पहिए खुद को स्टीयरिंग समझने लगे हैं'
What's Your Reaction?



