हरदोई जिले के शाहाबाद क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद चांदी लूटने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। शाहाबाद पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम की संयुक्त घेराबंदी में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने मौके से कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो साथी भागने में सफल रहे। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से लूटी गई चांदी, वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की कार, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल अभियुक्तों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लखनऊ के ठाकुरगंज निवासी पीड़ित हृदयराम सोनी शाहजहांपुर से अपनी कार से चालक के साथ लखनऊ जा रहे थे। रास्ते में शाहाबाद क्षेत्र के पास बजरी प्लांट के निकट कार सवार अज्ञात युवकों ने उनकी गाड़ी को जबरन रुकवा लिया और शीशा तोड़कर चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया था।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस टीमों ने शाहाबाद बाईपास पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी बीच शाहजहांपुर की तरफ से आ रही एक संदिग्ध सफेद कार को जब पुलिसकर्मियों ने रोकने का इशारा किया, तो कार सवार बदमाशों ने पुलिस बल पर सीधी फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाराबंकी निवासी सुशील और लखनऊ निवासी विमल पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़े। मौके से घेराबंदी कर लखनऊ निवासी अमन और करन को भी पकड़ लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि व्यापारी का कार चालक करन ही इस पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार था। उसने ही अपने साथियों को व्यापारी के पास चांदी होने की जानकारी दी थी। योजना के मुताबिक सुनसान जगह पर वारदात को अंजाम दिया गया और शक से बचने के लिए बदमाशों ने चालक के साथ भी मारपीट की थी तथा उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया था। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से सवा दो किलो चांदी बरामद कर ली है और फरार अभियुक्तों की तलाश में दबिश दी जा रही है।